राजकोट 10 जनवरी (वार्ता) कप्तान गैबी लुईस (92) और ली पॉल (59) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर शुक्रवार को आयरलैंड की महिला टीम ने पहले एकदिवसीय मुकाबले में भारत को जीत के लिए 239 रनों का लक्ष्य दिया।
आज यहां आयरलैंड की महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 56 के स्कोर पर अपने चार विकेट गवां दिये थे। सारा फोब्स्र (नौ), उना रेमंड-होयी (पांच), ऑर्ला प्रैडरगस्त (नौ) और लॉरा डेलेनी (शून्य) पर आउट हुई। ऐसे संकट के समय गैबी लुईस और ली पॉल की जोड़ी ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच पांचवें विकेट के लिये 117 रनों की साझेदारी हुई। 39वें ओवर में ऋचा और हरलीन ने ली पॉल को रनआउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। ली पॉल ने 73 गेंदों में 59 रन बनाये। 44वें ओवर में दीप्ति शर्मा ने शतक की ओर बढ़ रही गैबी लुईस को अपनी ही गेंद पर कैच आउटकर पवेलियन भेज दिया। लुईस ने 129 गेंदों में 15 चौकों की मदद से (92) रनों की पारी खेली। आयरलैंड का सातवां विकेट 50वें ओवर में आर्लीन केली (28) के रूप में गिरा। किस्टिना कुल्टर रीली (15) और जॉर्जिना डेम्पसी (पांच) रन बनाकर नाबाद रही। आयरलैंड ने निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट पर 238 रनों का स्कोर खड़ा किया।
भारत की ओर से प्रिया मिश्रा को दो विकेट मिले। तितास साधु, सयाली सतघरे और दीप्ति शर्मा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
