रीवा :जिले के नगर परिषद डभौरा में सोमवार, 12 अक्टूबर को एक जंगली सियार के घुसने से इलाके में दहशत फैल गई।मिली जानकारी के अनुसार, छमुहा जंगल की ओर से आया जंगली सियार नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 4 में कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल के पास पहुंच गया। यहां उसने पार्षद शिखा सिंह की सास पर हमला कर उन्हें काट लिया।
बताया जा रहा है कि इसके बाद सियार बड़ी हनुमान मंदिर की ओर बढ़ गया, जहां उसने कई अन्य लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस घटना में करीब 8 लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। हालांकि, घायलों की वास्तविक संख्या और उनकी स्थिति की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जंगली सियार द्वारा लोगों पर हमला किए जाने की घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। आबादी वाले क्षेत्र में जंगली जानवर के पहुंचने और लोगों पर हमले की खबर से स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता है। स्थानीय लोगों की अपेक्षा है कि वन विभाग और संबंधित प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए जंगली जानवर की तलाश करें और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाएं।
फिलहाल घायलों की संख्या, उनके उपचार और वन विभाग की कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।
