
खिलचीपुर। बहन से मिलने आ रहे इंदौर निवासी दो मौसेरे भाइयों की बाइक को गुरुवार रात गुनाखेड़ी के पास तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी. जिसमें राहुल खटक की मौत हो गई. जबकि बाइक चला रहे दीपक वाल्मीकि के एक हाथ और एक पैर में फ्रेक्चर हुआ है. कार चालक मौके से फरार हो गया. शुक्रवार को राहुल के शव का पोस्टमार्टम किया गया. घायल दीपक को प्राथमिक उपचार के बाद राजगढ़ रेफर किया गया है. दीपक वाल्मीकि ने बताया कि वह मूल रूप से राजगढ़ जिले के सेमला गोगा गांव का रहने वाला है.
वह पिछले तीन साल से इंदौर में रहकर चोथराम स्कूल में हाउस स्पीकिंग का काम करता है. उसका मौसेरा भाई राहुल खटक भी करीब 20 साल से इंदौर में रह रहा था और मयंक वाटर पार्क में काम करता था. दोनों गुरुवार शाम करीब 5 बजे बाइक से खिलचीपुर के लिए निकले थे. बाइक दीपक चला रहा था और राहुल पीछे बैठा था. रास्ते में गुनाखेड़ी के पास पीछे से आई अज्ञात कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं. कुछ देर बाद जब उसे होश आया, तो वह सडक़ से करीब 20 फीट नीचे पड़ा था. चोटों के बावजूद वह घिसटते हुए सडक़ तक पहुंचा और गुजर रहे वाहन चालकों से मदद मांगने लगा.
