मातारानी की अगवानी से पूर्व प्रशासन ने बनाया सेफ्टी प्लान

सीहोर/ रेहटी। पितृमोक्ष अमावस्या और शारदीय नवरात्रि के दौरान सलकनपुर स्थित मां विजयासन देवी धाम में उमडऩे वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने इस बार सुरक्षा व्यवस्था को केवल यातायात प्रबंधन तक सीमित नहीं रखा है, बल्कि अतिक्रमण, अग्नि सुरक्षा, वाहनों की फिटनेस, पार्किंग और संदिग्ध गतिविधियों पर एक साथ निगरानी शुरू कर दी है. मां की अगवानी से पहले प्रशासन ने मंदिर क्षेत्र को संभावित जोखिमों से मुक्त रखने के लिए जमीनी स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं.

गौरतलब है कि रेहटी थाना पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास दुकानें संचालित करने वाले व्यापारियों की बैठक लेकर स्पष्ट निर्देश दिए कि दुकानें निर्धारित सीमा के भीतर ही लगाई जाएं. सड़क, पैदल मार्ग अथवा दुकानों के सामने सामान फैलाकर अतिक्रमण करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई. प्रशासन का जोर इस बात पर है कि भीड़ के दौरान श्रद्धालुओं के पैदल आवागमन के रास्ते किसी भी स्थिति में बाधित न हों. एसडीएम बुधनी संजीव नागू, एसडीओपी रवि शर्मा, थाना प्रभारी हिमलेंद्र पटेल, नायब तहसीलदार सूरज कुमार और पीडब्ल्यूडी की टीम ने आंवली घाट तथा पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की आवाजाही, पार्किंग, यातायात, सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था की स्थिति देखी तथा संबंधित विभागों को आवश्यक इंतजाम समय पर पूरे करने के निर्देश दिए. श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए परिवहन विभाग ने भी मोर्चा संभाल लिया है. आरटीओ रितेश तिवारी ने सलकनपुर मंदिर मार्ग पर संचालित वाहनों के फिटनेस और परमिट की जांच की. वाहन चालकों को निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारी बैठाने और यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं.

हर दुकान में फायर सिलेंडर, ज्वलनशील सामान पर रोक

नवरात्रि के दौरान उमडऩे वाली भीड़ के साथ आग की संभावित घटना को लेकर भी प्रशासन ने सख्ती दिखाई है. प्रशासन द्वारा दुकानदारों को अपनी दुकानों में ज्वलनशील पदार्थ नहीं रखने और प्रत्येक दुकान में छोटा अग्निशमन यंत्र रखना अनिवार्य किया गया है. संदिग्ध व्यक्ति अथवा लावारिस वस्तु मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने और विवाद की स्थिति में स्वयं कार्रवाई करने के बजाय पुलिस को जानकारी देने की समझाइश दी गई.

 

 

Next Post

राजस्व कार्यों में लापरवाही बरतने पर होगी कार्रवाई

Fri Oct 9 , 2026
सीहोर। कलेक्टर बालागुरू के ने राजस्व अधिकारियों की बैठक में राजस्व प्रकरणों, सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई, भू-अर्जन, भूमि आवंटन, फार्मर रजिस्ट्री और राजस्व वसूली की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सभी लंबित मामलों का […]

You May Like