सीहोर। कलेक्टर बालागुरू के ने राजस्व अधिकारियों की बैठक में राजस्व प्रकरणों, सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई, भू-अर्जन, भूमि आवंटन, फार्मर रजिस्ट्री और राजस्व वसूली की समीक्षा की.
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सभी लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए.
आरसीएमएस रिपोर्ट के अनुसार अब तक कुल राजस्व प्रकरणों के निराकरण में जिला प्रदेश में पांचवें और भोपाल संभाग में प्रथम स्थान पर है. जिले में 40,085 प्रकरणों में से 34,363 का निराकरण किया जा चुका है, जो 85.73 प्रतिशत है. सीमांकन के 7,024 प्रकरणों में 6,997 का निराकरण हुआ है. नामांतरण के 16,302 में से 13,755 तथा बंटवारे के 3,159 में से 2,533 प्रकरणों का निराकरण किया है.
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई के प्रकरणों को निपटाने के निर्देश देते हुए कहा कि आवेदकों की समस्याओं का केवल निराकरण नहीं, बल्कि समाधान होना चाहिए. उन्होंने टीएल प्रकरणों की भी नियमित समीक्षा करने को कहा. भू-अर्जन के लंबित मामलों को शीघ्र पूरा करने और विभागों एवं विकास परियोजनाओं के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए. पात्र किसानों की फार्मर आईडी बनाने ग्राम पंचायतों मेंशिविर लगाने तथा एसडीएम तहसीलदारों को नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा. राजस्व वसूली के लक्ष्य पूरे करने के लिए मासिक लक्ष्य तय कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए.
