भोपाल। अवधपुरी में बिना जरूरी अनुमति के संचालित हो रही दो फिनाइल फैक्ट्रियों पर मंगलवार को नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया. दोनों फैक्ट्रियां न्यू भारत ट्रेडर्स के नाम से संचालित हो रही थीं. निगम की टीम को मौके पर छोटी बोतलों से लेकर बड़े ड्रम तक फिनाइल और केमिकल से भरे मिले. नगर निगम के अनुसार फैक्ट्री संचालक को पहले ही नोटिस जारी कर गतिविधियां बंद करने और जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे. इसके बावजूद संचालन जारी रहा. बताया गया कि यहां करीब चार साल से फिनाइल बनाने और उससे जुड़ी गतिविधियां संचालित की जा रही थीं.
-अनुमति के दस्तावेज नहीं हुए पेश
नगर निगम की बिल्डिंग परमिशन शाखा ने फैक्ट्री संचालक से भवन निर्माण, भवन के उपयोग और अन्य जरूरी अनुमतियों से संबंधित दस्तावेज मांगे थे. निर्धारित समय में दस्तावेज और संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किए जाने पर निगम की टीम ने दोनों फैक्ट्रियों में चल रही गतिविधियां बंद कराकर उन्हें सील कर दिया.
नियमों के तहत की गई कार्रवाई
निगम अधिकारियों के मुताबिक कार्रवाई नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 की धारा 303(1) और भवन निर्माण संबंधी प्रचलित नियमों के तहत की गई है. अधिकारियों ने कहा कि बिना जरूरी अनुमति रिहायशी क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियां संचालित करना नियमों के विपरीत है.
