
सीधी। कमिश्नर बीएस जामोद ने वीडियो कांफ्रेंसिंग में अधिकारियों को जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल संरक्षण कार्यों की स्वीकृति लेकर तत्काल शुरू करने और हर ग्राम पंचायत में जल यात्रा निकालने के निर्देश दिए। पौधरोपण की तैयारी, राजस्व न्यायालयों का निरीक्षण, ई-केवाईसी शत-प्रतिशत कराने, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का शीघ्र समाधान और समर्थन मूल्य पर खरीदे गेहूं का भुगतान समय पर सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निपटारे हेतु “संवाद से समाधान” अभियान चलाने की घोषणा की।
उन्होंने प्रत्येक विकासखण्ड में एक लाख पौधे रोपित करने के लिए अभी से तैयारी करने को कहा। नहीं तो बारिश के बाद गड्ढे खोदने में कठिनाई होगी। कलेक्टर सहित सभी अधिकारी क्षेत्र का भ्रमण करने के दौरान जल संरक्षण के कार्यों में भागीदारी निभाएं। कमिश्नर ने कहा कि कलेक्टर सहित सभी अधिकारी शासन द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुसार अधीनस्थ कार्यालयों और राजस्व न्यायालयों का निरीक्षण अनिवार्य रूप से करें। सप्ताह में कम से कम एक दिन क्षेत्र का भ्रमण और रात्रि विश्राम भी करें।
