उज्जैन:सिंहस्थ 2028 में करीब 30 करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है. इतने विशाल आयोजन में भीड़ प्रबंधन सबसे बड़ी चुनौती होगा. इसी को ध्यान में रखते हुए उज्जैन में स्पिरिचुअल कॉन्क्लेव आयोजित किया जा रहा है. इसमें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत विशेष अतिथि होंगे। आयोजन होटल अंजू श्री में होगा.
कॉन्क्लेव का उद्देश्य धार्मिक स्थलों पर बढ़ती भीड़ को वैज्ञानिक और आधुनिक तकनीकों से नियंत्रित करने के उपाय तलाशना है. इसमें महाकाल और काशी जैसे तीर्थस्थलों के अनुभवों पर विशेष चर्चा होगी. आयोजन पीएचडी चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री तथा मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है. इससे पहले चैम्बर ने अयोध्या में इसी तरह का सफल आयोजन किया था.
इस कार्यक्रम में देश-विदेश से धार्मिक विद्वान, संत समाज और प्रबंधन विशेषज्ञ शामिल होंगे. सिंहस्थ से जुड़े यातायात, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर व्यवहारिक सुझाव सामने आएंगे. इससे न केवल सिंहस्थ 2028 के लिए वैज्ञानिक ब्लूप्रिंट तैयार होगा बल्कि उज्जैन को धार्मिक पर्यटन की वैश्विक पहचान, व्यापार व रोजगार में भी लाभ मिलेगा.महाकाल की नगरी में होने वाला यह कॉन्क्लेव भविष्य की योजनाओं का रोडमैप साबित होगा और उज्जैन को धार्मिक पर्यटन की राजधानी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बनेगा.
