ईडी ने धन शोधन मामले में कर्नाटक के कांग्रेस विधायक सतीश सैल को किया गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 10 सितंबर (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अवैध लौह अयस्क निर्यात से संबंधित धन शोधन मामले में कर्नाटक के कांग्रेस विधायक सतीश सैल को बुधवार को यहाँ गिरफ्तार किया।
ईडी ने बताया कि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत श्री सैल को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि 13 और 14 अगस्त को करवाड़ (उत्तरी कर्नाटक), गोआ, मुंबई, नयी दिल्ली में श्री सैल से संबंधित कई ठिकानों पर छापेमारी की गई थी, जिसमें नकद और आभूषण बरामद हुए थे।
ईडी के अनुसार श्री सैल और अन्य संस्थाएँ आशापुरा माइनकेम लिमिटेड, श्री लाल महल लिमिटेड, स्वास्तिक स्टील्स (होसपेट) प्राइवेट लिमिटेड, आईएलसी इंडस्ट्रीज लिमिटेड, श्री लक्ष्मी वेंकटेश्वर मिनरल्स लिमिटेड आदि उनके रडार पर थीं। एजेंसी ने कहा कि इन्हें बेंगलुरु स्थित सांसदों और विधायकों की विशेष अदालत ने श्री मल्लिकार्जुन शिपिंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के माध्यम से अवैध लौह अयस्क निर्यात के मामले में दोषी ठहराया था।
ईडी ने विशेष अदालत द्वारा दोषी ठहराए जाने के बाद भारतीय दंड संहिता और भ्रष्टाचार निवारक अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत जाँच पड़ताल शुरू की थी। जाँच में पाया गया था कि श्री सैल ने अन्य व्यापारिक संस्थाओं और बेलेकेरी बंदरगाह के अधिकारियों के साथ मिलकर 19 अप्रैल 2010 से लेकर 10 जून 2010 तक 1.25 लाख टन लौह अयस्क का अवैध निर्यात किया था। यह लौह अयस्क अंकोला के वन विभाग के अधीन जब्त किया गया था। ईडी के अनुसार निर्यात किए गए कुल लौह अयस्क का मूल्य लगभग 86.78 करोड़ था।
निदेशालय ने तलाशी अभियान में विधायक के आवास से 1.41 करोड़ रुपये और मेसर्स श्री लाल महल लिमिटेड के कार्यालय परिसर से 27 लाख रुपये नकद जब्त किए थे। साथ ही सैल परिवार के बैंक लॉकर से 6.75 किलोग्राम सोने के आभूषण और सिक्के भी जब्त किए गए थे। इसके अलावा तलाशी अभियान के दौरान श्री मल्लिकार्जुन शिपिंग प्राइवेट लिमिटेड, सतीश सैल, मेसर्स आशापुरा माइनकेम लिमिटेड आदि आरोपी व्यक्तियों और संस्थाओं के 14.13 करोड़ रुपये के बैंक खातों को भी फ्रीज कर दिया गया था।
ईडी ने बताया कि दस्तावेज़, ईमेल, रिकॉर्ड आदि के रूप में आपत्तिजनक साक्ष्य भी जब्त किए गए थे और अभी मामले की जाँच आगे भी जारी है।

Next Post

तेरह साल बाद दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी ललन को बिहार से किया गिरफ्तार

Wed Sep 10 , 2025
नयी दिल्ली, 10 सितम्बर (वार्ता) दिल्ली पुलिस की दक्षिण-पूर्वी जिले की शाहीन बाग थाना टीम ने 2012 के दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी ललन कुमार उर्फ ललनवा को बिहार के मधेपुरा जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह पिछले 13 […]

You May Like