तेरह साल बाद दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी ललन को बिहार से किया गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 10 सितम्बर (वार्ता) दिल्ली पुलिस की दक्षिण-पूर्वी जिले की शाहीन बाग थाना टीम ने 2012 के दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी ललन कुमार उर्फ ललनवा को बिहार के मधेपुरा जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह पिछले 13 वर्षों से फरार चल रहा था।
उपायुक्त हेमंत तिवारी ने बुधवार को बताया कि 31 जुलाई 2012 को थाना पुल प्रह्लादपुर में चालक शमीम और सहायक शेरे के अपहरण का मामला दर्ज हुआ था। बाद में शमीम का शव पलवल, हरियाणा और शेरे का शव मथुरा, उत्तर प्रदेश से बरामद हुआ। ट्रक उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से मिला था। इस वारदात में शामिल आरोपी सुनील उर्फ रोहित उर्फ तहनिया और शत्रुघ्न पहले ही पकड़े जा चुके थे लेकिन मुख्य आरोपी ललन कुमार फरार चल रहा था उसे 10 दिसम्बर 2012 को अदालत ने भगोड़ा घोषित कर दिया था।
मुख्य आरोपी ललन की तलाश में तीन वर्षों की मेहनत में पुलिस ने 20,000 किलोमीटर की यात्रा की सात राज्यों (दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, केरल, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और झारखंड) में दबिश दी, 500 कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स का विश्लेषण किया और 1000 से अधिक लोगों से पूछताछ की। अंततः इस साल चार सितम्बर को उसे बिहार के शंकरपुर, मधेपुरा से गिरफ्तार किया है।
ललन कुमार (33) बिहार के मधेपुरा के मौरा झरखा का रहने वाला है और मजदूरी करता था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अलग-अलग राज्यों में छिपता रहा, मोबाइल और सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखी और भेष बदलकर पहचान छुपा कर रहता था।
आरोपी को बिहार की अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड लिया गया है। आगे की जांच जारी है।

Next Post

मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच होने वाला एकदिवसीय मैच होबार्ट स्थानांतरित

Wed Sep 10 , 2025
होबार्ट (ऑस्ट्रेलिया) 10 सितंबर (वार्ता) फ्लडलाइट्स की समस्या के कारण अगले वर्ष एक मार्च को ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच होने वाला तीसरा महिला एकदिवसीय मैच होबार्ट में खेला जाएगा। मैच के कार्यक्रम में यह बदलाव फ्लडलाइट्स की समस्या के कारण लिया गया है। प्लानिंग और इंस्टॉलेशन में हुई देरी […]

You May Like