रीवा में हर्षोल्लास से मनाई गई गीता जयंती

रीवा। गीता जयंती रीवा में हर्षोल्लास से मनाई गई. एनसीसी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में बटुकों तथा संस्कृत के आचार्यों ने गीता के 15वें अध्याय पुरूषोत्तम योग का सस्वर पाठ किया. पूरा वातावरण गीता के पवित्र श्लोकों की सुगंध से भर गया. विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के हजारों विद्यार्थी गीता पाठ में शामिल हुए. समारोह की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा गीता पूजन करके समारोह का शुभारंभ किया.

समारोह में अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रोफेसर राजेन्द्र कुमार कुड़रिया ने कहा कि गीता का 15वां अध्याय ज्ञान का सार और गीता का हृदय है. इसमें परमात्मा, जीवात्मा और विश्व के संबंध में वास्तविक सत्य बताया गया है. हम सबको अपने जीवन को सही दिशा देने के लिए गीता का अध्ययन और मनन करना चाहिए. इसका हर अध्याय हमारे जीवन को सही दिशा देने वाला प्रकाश है. गीता में ज्ञान, विज्ञान, धर्म, कर्मयोग, ज्ञानयोग और भक्तियोग सहित समस्त वेदों का सार है. इसमें जीवन और जगत की हर कठिनाई को हल करने का मंत्र है. समारोह में विश्व गीता प्रतिष्ठान के केन्द्रीय उपाध्यक्ष जेएल त्रिपाठी ने कहा कि गीता में 15वें अध्याय में संसार, जीवात्मा और परमात्मा सहित तीनों तत्वों का वर्णन है. यह अध्याय गीता का प्राण है. भगवान कृष्ण ने गीता में कहा है कि जीव का कल्याण परमात्मा की भक्ति में निहित है. इस अध्याय में पूरे विश्व की कल्पना पीपल के वृक्ष के रूप में की गई है. इस वृक्ष की जड़ें आकाश की ओर हैं. इसकी प्रथम शाखा ब्रम्हा जी के रूप में है जिससे समस्त सृष्टि का सृजन हुआ है. इस वृक्ष के पत्ते वैदिक मंत्र हैं जो सदैव अविनाशी रहकर मानव का मार्गदर्शन करते हैं जो इस संसार रूपी वृक्ष के गुण जान लेता है वही वेदों का सच्चा जानकार है.

समारोह में प्रचारक हरिनारायण ने कहा कि गीता का ज्ञान धर्म की स्थापना के लिए है. सबसे बड़ा धर्म दीन दुखी की सेवा करना है. परोपकार और परमात्मा की ओर उन्मुख होकर ही हम अपना जीवन सफल बना सकते हैं. समारोह में संस्कृत आचार्य राजेन्द्र मिश्रा ने कहा कि गीता विश्व कल्याण की पथ प्रदर्शिका है. भगवान कृष्ण के मुखारबिन्द से यह अखिल जगत के कल्याण के लिए प्रगट हुई है. समारोह स्थल में गीता ज्ञान तथा भगवान श्री कृष्ण के जीवन से जुड़ी हुई प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया. समारोह में रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, एडीएम श्रीमती सपना त्रिपाठी, जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता, विष्णु प्रपन्नाचार्य, जिलाध्यक्ष विश्व गीता प्रतिष्ठान सत्यनारायण दुबे, भारतेन्दु जी, रमाशंकर शुक्ल, अध्यक्ष जिला रेडक्रास समिति, डॉ प्रभाकर चतुर्वेदी, राजीव शुक्ला अध्यक्ष विप्र सेवा संघ, बड़ी संख्या में संस्कृत आचार्य तथा विद्यार्थी शामिल हुए.

Next Post

भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच हरेंद्र सिंह ने निजी कारणों से पद छोड़ा

Mon Dec 1 , 2025
नयी दिल्ली, 01 दिसंबर (वार्ता) भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच हरेंद्र सिंह ने निजी कारणों का हवाला देते हुए तत्काल प्रभाव से अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। अपने फैसले पर हरेंद्र सिंह ने कहा, ” भारतीय महिला हॉकी टीम को कोचिंग देना मेरे लिए एक खास मौका […]

You May Like