जबलपुर: खजरी खिरिया बायपास चौराहे में खड़े ट्रक में आग भड़क उठी जिससे उसमें रखीं कुछ आटे की बोरियां, पीछे तरफ के पूरे टायर जलकर खाक हो गए। ट्रक में आग भड़कते देख स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी जिसके बाद मौके पर पहुंचकर फायर अमले ने आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि अगर समय पर फायर अमले ने आग पर काबू नहीं पाया होता तो कुछ ही देर में पूरा ट्रक जलकर खाक हो जाता क्योंकि हादसे में आग ट्रक के केबिन तक जा पहुंची थी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने नवभारत को बताया कि खजरी खिरिया बायपास चौराहे के पास कचरे के ढेर मेें किसी अज्ञात ने आग लगा दी थी और यही आग चौराहे के पास खड़े ट्रक क्रमांक एमपी 20 एचबी 3908 तक जा पहुंची जिस वजह से हादसा घटित हो गया। इस संबंध में ट्रक मालिक मो. यूनूस ने बताया कि ट्रक में आटे की करीब 800 बोरियां लोड थीं और चालक खजरी खिरिया चौराहे में किनारे तरफ वाहन खड़ा करके घर गया था कि तभी अग्रि हादसा घटित हो गया।
