सीहोर. इन दिनों शहर के समीपस्थ ग्राम चितावलिया हेमा स्थित कुबेरेश्वर धाम पर श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है. कथा श्रवण करने के लिए रोजाना हजारों की संख्या में बाहर से श्रद्धालु आ रहे हैं. ऐसे में ट्रेन से आने वाले यात्रियों को स्टेशन से बाहर आकर काफी मशक्कतों का सामना करना पड़ रहा है तो स्टेशन जाने वलों को भी काफी दिक्कतें हो रही हैं, क्योंकि पार्किंग लेन में बेतरतीब ऑटो की लंबी कतारें लग रही हैं तो वहां अवैध रूप से हाथठेलों पर सामान बेचने वालों ने फुटपाथ पर कब्जा जमा लिया है.
शहर के समीपस्थ कुबेरेश्वर धाम पर इन दिनों श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है. पं. प्रदीप मिश्रा के मुखारबिंद से कथा का श्रवण करने देश भर से श्रद्धालुओं का आना जारी है. ऐसे में ट्रेन से आने वाले यात्रियों की संख्या में भी काफी इजाफा हुआ है. स्टेशन के बाहर यात्रियों का इंतजार करते ऑटो इतने बेतरतीब ढंग से खड़े रहते हैं कि यात्रियों को काफी परेशानी होती है. इसके अलावा स्टेशन पर यात्रियों को छोडऩे जाने वालों के वाहन भी जाम में फंस जाते हैं. नतीजतन कई बार उनकी ट्रैन भी छूट जाती है. रही सही कसर अवैध रूप से फुटपाथ पर हाथठेले खड़े कर सामान बेचने वाले दुकानदार पूरी कर देते हैं. इस दौरान रेलवे की पुलिस की गैरमौजूदगी स्थिति को और गंभीर बना देती है. जिससे कई बार विवाद के हालात भी निर्मित हो जाते हैं. रेल प्रशासन को शीघ्र ही इस ओर ध्यान देना चाहिए.
