आईटी, ऑटो कंपनियों में लिवाली से शेयर बाजारों में लौटी तेजी

मुंबई, 25 अगस्त (वार्ता) सूचना प्रौद्योगिकी और ऑटो कंपनियों में लिवाली से घरेलू शेयर बाजारों में सप्ताह के पहले दिन सोमवार को तेजी लौट आयी।

पिछले कारोबारी दिवस की गिरावट के बाद बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स आज 329.06 अंक (0.40 प्रतिशत) की बढ़त में 81,635.91 अंक पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 97.65 अंक यानी 0.39 प्रतिशत चढ़कर 24,967.75 अंक पर बंद हुआ।

आईटी सेक्टर में जबरदस्त लिवाली के कारण सुबह से ही बाजार में तेजी रही। सेंसेक्स 194.21 अंक की बढ़त के साथ 81,501.06 अंक पर खुला और पूरे दिन हरे निशान में रहा। इस दौरान यह नीचे 81,364.86 अंक और ऊपर 81,799.06 अंक तक गया।

निफ्टी-50 सूचकांक भी 79.05 अंक ऊपर 24,949.15 अंक पर खुला। इसका दिवस का निचला स्तर 24,894.35 अंक और उच्चतम स्तर 25,021.55 अंक रहा।

एनएसई में निफ्टी आईटी सूचकांक 2.37 फीसदी चढ़ा। रियलिटी, धातु, ऑटो, फार्मा, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद सेक्टरों के सूचकांकों में भी तेजी रही। वहीं, सार्वजनिक बैंकों, वित्तीय सेवाओं और एफएमसीजी सेक्टरों के सूचकांक गिरावट में रहे।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 20 के शेयर हरे निशान में बंद हुये। इंफोसिस का शेयर 3.03 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ। टीसीएस में 2.85 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 2.55 और टेक महिंद्रा में 1.32 प्रतिशत की तेजी रही। टाटा मोटर्स, सनफार्मा, मारुति सुजुकी, टाइटन, टाटा स्टील और बजाज फाइनेंस के शेयर भी बढ़त के साथ बंद हुए।

सबसे अधिक 0.76 प्रतिशत की गिरावट बीईएल के शेयर में रही। एशियन पेंट्स का शेयर 0.39 फीसदी, भारती एयरटेल का 0.38 और आईसीआईसीआई बैंक का 0.21 प्रतिशत फिसल गया।

ज्यादा शेयरों पर आधारित निफ्टी-100 सूचकांक में 0.37 फीसदी की तेजी रही। मझौली कंपनियों में निवेशकों की लिवाली कम रही और छोटी कंपनियों में वे बिकवाल रहे। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.16 प्रतिशत की बढ़त में रहा। वहीं, निफ्टी स्मॉलकैप 100 सूचकांक में 0.04 प्रतिशत गिर गया।

एशियाई शेयर बाजारों में तेजी रही। जापान का निक्केई 0.41 प्रतिशत, हांगकांग का हैंगसेंग 1.94 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 1.51 प्रतिशत की बढ़त में बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.29 प्रतिशत नीचे कारोबार कर रहा था जबकि ब्रिटेन का एफटीएसई सूचकांक 0.13 फीसदी ऊपर था।

 

 

 

Next Post

कचनारा में भव्य बाबा रामदेव मेला, श्रद्धालुओं का सैलाब; दोपहर में लगा जाम

Mon Aug 25 , 2025
कचनारा/नाहरगढ़। मंदसौर जिले के कचनारा (नाहरगढ़) स्थित प्राचीन बाबा रामदेव मंदिर में भादवा सुदी बीज के अवसर पर सोमवार को भव्य मेले का आयोजन हुआ। मेले में हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। श्रद्धालुओं का जमघट रविवार रात से ही टेकरी पर लगना शुरू हो गया था। […]

You May Like