कचनारा में भव्य बाबा रामदेव मेला, श्रद्धालुओं का सैलाब; दोपहर में लगा जाम

कचनारा/नाहरगढ़। मंदसौर जिले के कचनारा (नाहरगढ़) स्थित प्राचीन बाबा रामदेव मंदिर में भादवा सुदी बीज के अवसर पर सोमवार को भव्य मेले का आयोजन हुआ। मेले में हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। श्रद्धालुओं का जमघट रविवार रात से ही टेकरी पर लगना शुरू हो गया था।

प्राचीन मान्यता के अनुसार, कचनारा का यह धाम आध्यात्मिक उपचार का केंद्र माना जाता है। यहां बाबा रामदेव के चरणों की पूजा से अनेक श्रद्धालुओं को असाध्य रोगों से मुक्ति मिलने की कथाएं प्रचलित हैं।

101 सीढ़ियां चढ़कर पहुंचते हैं धाम

मुख्य सड़क मार्ग से मंदिर तक पहुंचने के लिए लगभग 101 सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं। मंदिर परिसर में प्राचीन समय के पुजारी उधानाथजी की समाधि है, जहां श्रद्धालु माथा टेकते हैं। मंदिर प्रांगण में यज्ञशाला, विभिन्न समाजों की धर्मशालाएं और समिति द्वारा निर्मित भोजनशाला भी है। मंदिर परिसर में स्थित धूनी पर भक्तों द्वारा भजन-कीर्तन किया जाता है और अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित रहती है।

1999 में हुआ जीर्णोद्धार, 2005 में मूर्ति स्थापना

स्थानीय समिति ने वर्ष 1999 में मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य प्रारंभ किया। राजस्थान के पिंडवाड़ा गांव के कारीगरों ने बाबा रामदेवजी की लगभग 2 क्विंटल वजनी मूर्ति का निर्माण किया। यह मूर्ति वैशाख सुदी पूर्णिमा, 23 मार्च 2005 को प्राण-प्रतिष्ठा के साथ स्थापित हुई।

मंदिर परिसर में एक विशेष मान्यता है कि संतान सुख की अभिलाषा रखने वाली महिलाएं यहां वृक्ष पर पालने बांधकर आशीर्वाद मांगती हैं।

भीड़ बढ़ने से लगा जाम

मेले में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर रहा। दूर-दराज से बड़ी संख्या में लोटन यात्रा और पैदल यात्रा के माध्यम से भक्त पहुंचे। दोपहर करीब 2 बजे श्रद्धालुओं की भीड़ के दबाव से मुख्य सड़क पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई, जिससे दोपहिया वाहन चालकों और पैदल श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

कचनारा धाम की प्राचीनता और श्रद्धालुओं की आस्था ने इस आयोजन को विशेष बना दिया। मंदिर समिति के सहयोग से व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की गईं।

Next Post

ग्वालियर में 29 और 30 अगस्त को रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव करेंगे संवाद

Mon Aug 25 , 2025
ग्वालियर। प्रदेश में पर्यटकों की संख्या को बढ़ाने और ग्वालियर–चंबल संभाग में पर्यटन निवेश को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उक्त रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव का आयोजन किया जा रहा है। राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में होने वाले इस रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और विधानसभा […]

You May Like