उप मुख्यमंत्री ने जिला अस्पताल में चार कार्यों का किया लोकार्पण

रीवा, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कुशाभाऊ ठाकरे जिला चिकित्सालय रीवा में चार विभिन्न कार्यों का लोकार्पण किया. उप मुख्यमंत्री ने यूनिसेफ के सहयोग से नवनिर्मित मातृ-नवजात शिशु देखभाल यूनिट का लोकार्पण किया. इसमें जन्म के समय गंभीर रोग से ग्रस्त शिशुओं तथा उनकी माताओं को भर्ती करके उपचार की सुविधा दी जाएगी. इसके बाद उप मुख्यमंत्री ने गर्भ संस्कार यूनिट का लोकार्पण किया. इसमें गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जाँच के साथ-साथ उन्हें योग, ध्यान, संगीत, चिकित्सा तथा सात्विक पौष्टिक आहार के संबंध में सलाह दी जाएगी. उप मुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय में ही आदर्श टीकाकरण केन्द्र का शुभारंभ किया. इसमें शिशुओं को सभी प्रमुख रोगों से बचाव के टीके लगाने की व्यवस्था की गई है. इसके बाद उप मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय वृद्धजन देखभाल कार्यक्रम के तहत नवनिर्मित फिजियोथेरेपी यूनिट का शुभारंभ किया. इसमें फिजियोथेरेपी की सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं.

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा में स्वास्थ्य सुविधाओं में तेजी से विकास हुआ है. जिला चिकित्सालय की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. शीघ्र ही इसमें नवीन ओपीडी भवन तथा अस्पताल के विस्तार से जुड़े निर्माण कार्यों को पूरा कराकर अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. यूनिसेफ के सहयोग से आज जिन इकाईयों का शुभारंभ किया जा रहा है उनसे गर्भवती महिलाओं की देखभाल और शिशुओं की स्वास्थ्य रक्षा में हमें सफलता मिलेगी. मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर को नियंत्रित किया जा सकेगा. सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों तक स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जाएगा. इसके लिए डॉक्टरों तथा चिकित्साकर्मियों की भर्ती के साथ-साथ आवश्यक उपकरणों की भी व्यवस्था की जा रही है. इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. प्रतिभा मिश्रा ने जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी दी. प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. बीनू सिंह ने गर्भ संस्कार कक्ष के संबंध में जानकारी दी. इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यत्नेश त्रिपाठी, यूनिसेफ के राज्य चीफ विलियम हैनलोन, डॉ. प्रशांत कुमार, अनिल गुलाटी, डॉ. केबी गौतम, डॉ. केके तिवारी, डॉ. आलोक दुबे तथा चिकित्साकर्मी उपस्थित रहे.

Next Post

लापता युवक का कुएं में मिला शव

Sun Jul 5 , 2026
बालाघाट, क्षेत्र में एक लापता युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार किसान किशन मस्करे के खेत में बने कुएं में एक व्यक्ति का शव मिला है। बताया जा रहा है कि खेत में कार्य कर रहे किसान को कुएं से दुर्गंध आने पर संदेह हुआ। […]

You May Like