
ग्वालियर। प्रदेश में पर्यटकों की संख्या को बढ़ाने और ग्वालियर–चंबल संभाग में पर्यटन निवेश को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उक्त रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव का आयोजन किया जा रहा है। राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में होने वाले इस रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर की उपस्थिति होगी। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 29 एवं 30 अगस्त को होने वाली रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव में निवेशकों से रू-ब-रू होकर प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं से अवगत करा कर सीधा संवाद भी करेंगे।
आयोजन की तैयारियों को लेकर ग्वालियर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने बैठक लेकर संबंधित विभागों के अफसरों को कार्यक्रम से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियों को समय से पूर्व व्यवस्थित करने के निर्देश दिए, कलेक्टर रुचिका चौहान तैयारियों पर नजर बनाये हुए हैं उन्होंने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश भी अधीनस्थों को दिए हैं।
पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने जानकारी देते हुए बताया कि मध्य प्रदेश में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि के साथ पर्यटन व्यवसायियों, टूर ऑपरेटर्स और होटल इंडस्ट्री के बीच सहयोग और साझेदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्वालियर में रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव आयोजित की जा रही है। इससे ग्वालियर के पर्यटन क्षेत्र में निवेश को नया आयाम मिलेगा।
