
ग्वालियर। निगम मंडल एवं प्राधिकरणों की नियुक्तियों में ग्वालियर के भाजपा नेताओं को जमकर बड़े पद मिले हैं। साडा यानि
ग्वालियर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के कट्टर समर्थक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक शर्मा को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि हरीश मेवाफरोश को उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएगी। अशोक शर्मा उपनगर ग्वालियर की राजनीति में लोकप्रिय जमीनी नेता माने जाते हैं।
*जीडीए के अध्यक्ष बने मधुसूदन भदौरिया, सुधीर-वेदप्रकाश उपाध्यक्ष*
भाजपा सरकार ने ग्वालियर विकास प्राधिकरण (जीडीए) में भी नियुक्ति कर दी है। जीडीए के अध्यक्ष मधुसूदन भदौरिया बनाये गये है जो लंबे समय तक छात्र राजनीति करने के बाद भाजपा की सक्रिय राजनीति में आए और पार्टी में वजनदार छवि बनाई जबकि जीडीए का उपाध्यक्ष सिंधिया के करीबी और ग्वालियर निगम में नेता प्रतिपक्ष के साथ तीन बार पार्षद रहे वरिष्ठ नेता सुधीर गुप्ता और मूल भाजपा के पुराने नेता वेदप्रकाश शिवहरे को बनाया गया है।
*अपेक्स बैंक के प्रशासक बने महेन्द्र सिंह यादव*
ग्वालियर के बीजेपी नेता महेन्द्र सिंह यादव को अपेक्स बैंक का प्रशासक नियुक्त किया गया है। इस सिलसिले में सहकारिता विभाग ने आदेश जारी कर दिया है। महेंद्र सिंह यादव किसान संघ के पुराने नेता रह चुके हैं। चुनावी मैदान में भी कदम रख चुके हैं। इससे पहले उन्होंने विधानसभा का चुनाव में उम्मीदवारी की थी।
