
उज्जैन। महाकाल मंदिर में बुधवार की सुबह करीब 8 बजे गर्भगृह में पुजारी व महंत के बीच विवाद हो गया और गाली गलौज हो गई। उनमें हाथापाई भी हुई। दोनों ने एक-दूसरे को देख लेने की धमकी भी दी।मंदिर के नियमों को लेकर दोनों बात करते-करते भीड़ लिए और धक्का-मुक्की व् हाथापाई होने लगी तो वहां मौजूद अन्य पंडे-पुजारियों व कर्मचारियों ने उन्हें अलग किया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक प्रथम कौशिक को लिखित शिकायत दर्ज कराई है। प्रशासक कौशिक ने फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। समिति के अधिकारियों ने बताया कि ऋणमुक्तेश्वर मंदिर उज्जैन के महंत महावीर नाथ महाराज अपने साथ गोरखपुर से आए महंत शंकर नाथ जी को लेकर महाकाल दर्शन करने गए थे। हमेशा की तरह वे नियमों का पालन करते हुए गर्भगृह में जाकर दर्शन-पूजन कर रहे थे। उसी दौरान गर्भगृह में पुजारी प्रतिनिधि महेश शर्मा भी जल चढ़ाने पहुंचे थे। दोनों के बीच वेशभूषा को लेकर बात हुई और बाद में बहस व विवाद में बदल गई। विवाद के दौरान दोनों के बीच धक्का-मुक्की में पुजारी शर्मा नीचे गिर पड़े। बाद में नंदी हॉल में मौजूद समिति के कर्मचारियों व सुरक्षा गार्डों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया। इसके बाद महंत महावीर नाथ मंदिर परिसर से चले गए।
पुजारी पर कार्रवाई को लेकर स्थानीय अखाड़ा परिषद का कलेक्टर को ज्ञापन
घटना के तुरंत बाद ऋण मुक्तेश्वर महादेव मंदिर के महंत महावीर नाथ ने अपने साथ हुई घटना से स्थानीय साधु-संतों को अवगत कराया। मामले की जानकारी लगते ही स्थानीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत डॉ. रामेश्वर दास महाराज भी मौके पर पहुंचे और समस्त अखाड़ों के साधु-संत, महंत एकत्रित हुए व बैठक के बाद 100 से अधिक साधु, संत श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं उज्जैन के कलेक्टर रोशन कुमार सिंह से मिले व पूरी घटना बताने के बाद पुजारी प्रतिनिधि महेश शर्मा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सोपा। इस दौरान संतों ने मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक से भी मुलाकात की व उन्हें भी पुजारी प्रतिनिधि महेश शर्मा को मंदिर से निष्कासित करने की मांग की। प्रशासक कौशिक ने साधु-संतों की बात सुनने के बाद कहा कि वे मामले की जांच के बाद दोषियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करेंगे।
देशभर के नाथ संप्रदाय के साधु-संत नाराजगी
यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ को अवगत कराया
ऋणमुक्तेश्वर महादेव मंदिर के महंत महावीर नाथ महाराज नाथ संप्रदाय से आते हैं। उनके गुरु भर्तृहरि गुफा के पीठाधीश्वर योगी पीर महंत श्री रामनाथ जी महाराज है। महावीर नाथ जी महाराज के साथ महाकाल मंदिर में पुजारी प्रतिनिधि महेश शर्मा के द्वारा जो अभद्रता की गई व उन्हें देख लेने की धमकी देने की घटना से देशभर के नाथ संप्रदाय के हजारों साधु-संतों में नाराजगी है। संप्रदाय के समस्त साधु-संत इस घटना का विरोध कर अपने जिला मुख्यालय में जिला अधिकारियों को उज्जैन में हुई घटना से अवगत कराते हुए कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सोप रहे हैं। वहीं यूपी के सीएम एवं नाथ संप्रदाय के मुखिया योगी आदित्यनाथ जी को भी इस पूरे मामले से अवगत करा दिया गया है। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए कहा कि इस तरह से साधु-संत समाज का अपमान सहन नहीं किया जाएगा। हम स्थानीय प्रशासन व शासन से उचित कार्रवाई की मांग करते हैं।
