जबलपुर: स्टेट बार काउंसिल चुनाव की कमेटी ने अधिवक्ता दीपक अवस्थी एवं ज्ञानेन्द्र सिंह बघेल को सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया है। इसके अलावा कमेटी ने चुनाव से संबंधित अन्य कार्यों के संचालन के लिए अधिवक्ता प्रशांत दुबे को सचिव नियुक्त किया है।गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित हाई.पॉवर्ड इलेक्शन कमेटी के चेयरमैन जस्टिस प्रितिंकर दिवाकर की अध्यक्षता वाली कमेटी चुनाव करा रही है। कमेटी में पूर्व न्यायाधीश केके त्रिवेदी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता नमन नागरथ सदस्य के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।
जस्टिस एसके पालो चुनाव अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं। विगत 27 फरवरी को चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई है। अब 16 मार्च को प्रारम्भिक मतदाता सूची का प्रकाशन कर 24 मार्च तक आपत्तियां बुलाई जाएंगी। आपत्तियों के निराकरण करने के बाद एक अप्रैल को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी। आठ से 10 अप्रैल तक उम्मीदवार अपने नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 20 अप्रैल से 22 अप्रैल की शाम 4 बजे तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 22 अप्रैल की शाम 5 बजे उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की जायेगी। 12 मई को मतदान होगा और फिर 16 जून से वोटों की गिनती शुरू होगी।
