बेंगलुरु, 25 अप्रैल (वार्ता) विराट कोहली ने देवदत्त पड़िक्कल के साथ अपनी 115 रन की साझेदारी को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की 206 रन के सफल चेज में “गेम चेंजर” बताया, जो उन्होंने गुजरात टाइटंस (जीटी) के ख़िलाफ हासिल किया। कोहली को 44 गेंदों में 81 रन (आठ चौके और चार छक्के) की पारी के लिए प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया, और आरसीबी सात मैचों में पांचवीं जीत के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई। विराट ने आरसीबी की बल्लेबाज़ी पर कहा, “मेरा मतलब है, हमें शुरुआत में विकेट को समझना था क्योंकि उनके पास क्वालिटी गेंदबाज़ी आक्रमण है, और बेंगलुरु में 200 (206) का पीछा करते हुए हमें पता है कि हमें सिर्फ़ एक साझेदारी की ज़रूरत होती है। मुझे लगता है कि मेरे और (जेकब) के बीच बातचीत यही थी कि पहले कुछ ओवर को समझें, क्या हो रहा है, और फिर वहां से खेल को आगे बढ़ाएं। मुझे लगता है कि देवदत्त पड़िक्कल ने इस सीज़न में यह दूसरी बार किया है कि जब वह आए और पहली ही गेंद से शानदार बल्लेबाज़ी की।”
पड़िक्कल की 27 गेंदों में 55 रन की पारी ने मिडिल ओवर्स में आरसीबी को ज़रूरी रन रेट से काफ़ी आगे रखा, और उनका आक्रामक इरादा जीटी के प्रमुख गेंदबाज़ों के ख़िलाफ़ भी साफ़ दिखा। कोहली ने कहा, “आप जानते हैं, कगिसो रबाडा के ख़िलाफ़ पहला चौका शानदार था। उनके पास गेम अवेयरनेस और क्षमता है। ख़ासकर हमारी परिस्थितियों में अच्छे क्रिकेटिंग शॉट खेलने और विपक्षी टीम को नुक़सान पहुंचाने की, वो भी 200 से ज़्यादा की स्ट्राइक रेट से, जो काफ़ी दुर्लभ है। आप उन्हें कभी भी बेवजह बल्ला घुमाते नहीं देखते।” “मैं बस खेल में इतना बना रहना चाहता था कि उसे पूरा दबाव महसूस न हो और यह मेरी ज़िम्मेदारी थी कि सही समय पर बाउंड्री लगाऊं। और हां, वह साझेदारी आख़िरकार हमारे लिए मैच जिताने वाली और गेम चेंजर साबित हुई।”
एक बार फिर, डेथ ओवर्स में जीटी की धीमी बल्लेबाज़ी की तुलना आरसीबी की तेज़ रफ़्तार से हुई, जहां विकेट गिरने के बाद भी रन गति बनी रही। नंबर 7 पर बल्लेबाज़ी करते हुए क्रुणाल पंड्या ने 12 गेंदों में नाबाद 23 रन बनाकर मैच ख़त्म किया। कोहली ने कहा, “हमारे पास एक बेहतरीन बल्लेबाज़ी लाइन-अप है। अगर आप टैलेंट देखें, तो हमारे पास ऐसे खिलाड़ी हैं जो अच्छे क्रिकेटिंग शॉट खेल सकते हैं और गेंदबाज़ों को नुक़सान पहुंचा सकते हैं। फिर हमारे पास टिम डेविड और रोमारियो शेफ़र्ड की पावर भी है। तो मुझे लगता है कि हमारा यह कॉम्बिनेशन हमें बहुत आत्मविश्वास देता है कि हम मैदान पर जाकर इस तरह खेल सकें। टीम में संदेश साफ़ है: अगर आपको मारने लायक गेंद दिखे, तो खुद पर भरोसा रखें और उसे खेलें।”
आरसीबी ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में अपना आख़िरी लीग मैच खेल लिया है। अब वे तीन अवे मैचों के लिए यात्रा करेंगे, इसके बाद रायपुर जो इस सीजन में उनका दूसरा घरेलू मैदान है में अपने होम मैचों का समापन करेंगे। कोहली ने चिन्नास्वामी के बारे में कहा, “यह क्रिकेट खेलने के लिए एक बेहद ख़ास जगह है और उम्मीद है कि टूर्नामेंट के आख़िरी चरणों में हम यहां वापस आएंगे और एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।” संभावना है कि प्लेऑफ़ का कोई मैच चिन्नास्वामी में खेला जाए और आरसीबी, अपने आधे चरण तक, प्लेऑफ़ की ओर मज़बूती से बढ़ती दिख रही है। उनका अगला मैच 27 अप्रैल को दिल्ली में दिल्ली कैपिटल्स के ख़िलाफ़ है, जो कोहली का मूल घरेलू मैदान भी है।

