
चितरंगी। जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्थुआ बाजार में स्थित एक ज्वेलरी दुकान में हुई 37 लाख रुपये की बड़ी चोरी ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
हैरानी की बात यह है कि इस गंभीर वारदात को चार दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है। चोरी की यह घटना चितरंगी पुलिस के नोडल प्वाइंट से महज कुछ कदमों की दूरी पर हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार अज्ञात चोरों ने सुनियोजित तरीके से ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाया और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात समेट कर फरार हो गए। घटना के बाद जब दुकान संचालक सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो चोरी का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
दहशत के साये में व्यापारी, रात भर जागकर कर रहे पहरा
इस बड़ी चोरी की घटना के बाद कर्थुआ बाजार के व्यापारी दहशत में हैं। हालात ऐसे हैं कि कई दुकानदार अब रात भर जागकर अपनी दुकानों की निगरानी करने को मजबूर हैं। व्यापारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त नाम मात्र की है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। व्यापारियों ने बताया कि इससे पहले भी बाजार क्षेत्र में छोटी-मोटी चोरियां हो चुकी हैं, लेकिन इस बार 37 लाख की बड़ी वारदात ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस पर से भरोसा डगमगाने लगा है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
सीसीटीव्ही कैमरे होने के बावजूद सुराग शून्य
घटनास्थल और उसके आसपास कई दुकानों, प्रतिष्ठानों एवं निजी भवनों में सीसीटीव्ही कैमरे लगे हुए हैं, लेकिन स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि पुलिस ने अब तक इन कैमरों की गंभीरता से जांच नहीं की। कुछ दुकानदारों का कहना है कि पुलिस कर्मी आए जरूर, लेकिन कैमरों की डीवीआर खंगालने में कोई विशेष तत्परता नहीं दिखाई। चार दिन बीत जाने के बाद भी न तो किसी संदिग्ध की पहचान हो सकी है और न ही चोरी गए माल की बरामदगी। इससे यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या पुलिस जांच को लेकर गंभीर है या फिर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। चितरंगी थाना प्रभारी की भूमिका पर भी उंगलियां उठने लगी हैं। लोगों का कहना है कि यदि नोडल प्वाइंट के पास हुई इतनी बड़ी चोरी का ही खुलासा नहीं हो पा रहा, तो दूरस्थ क्षेत्रों में अपराधियों पर कैसे लगाम लगेगी।
