नीतीश कुमार के विकास माॅडल को देश के अनेक राज्यों ने अपनाया : बिजेंद्र प्रसाद यादव

पटना,26 जून (वार्ता) बिहार के उपमुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता बिजेंद्र प्रसाद यादव ने शुक्रवार को कहा कि नीतीश कुमार के विकास माॅडल को देश के अनेक राज्यों ने अपनाया है। मंत्री श्री यादव ने आज जदयू प्रदेश कार्यालय, पटना में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों के विधिसम्मत एवं त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

श्री यादव ने इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास और सुशासन का एक ऐसा माॅडल प्रस्तुत किया है, जिसे देश के अनेक राज्यों ने अपनाया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार न्याय के साथ विकास की अपनी प्रतिबद्धता पर निरंतर कार्य कर रही है।

उपमुख्यमंत्री श्री यादव ने पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) के प्राचार्य के निलंबन के संबंध में कहा कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक पारदर्शी एवं जनसुलभ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध आगे भी एक्शन जारी रहेगा।

श्री यादव ने भोजपुर की घटना पर कहा कि राज्य सरकार ने मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए न्यायिक जांच आयोग का गठन किया है। उन्होंने कहा कि सरकार इस पूरे मामले को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है तथा जांच प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसके निष्कर्षों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Next Post

बिदादी टाउनशिप मामला : कुमारस्वामी ने ज़बरदस्ती ज़मीन अधिग्रहण का किया विरोध

Fri Jun 26 , 2026
बेंगलुरु, 26 जून (वार्ता) केंद्रीय मंत्री एवं जनता दल (एस) नेता एचडी कुमारस्वामी ने शुक्रवार को कहा कि प्रस्तावित बिदादी टाउनशिप प्रोजेक्ट के लिए ज़मीन का अधिग्रहण अनिच्छुक किसानों पर ज़बरदस्ती नहीं किया जाना चाहिए। श्री कुमारस्वामी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि प्रस्तावित टाउनशिप प्रोजेक्ट से प्रभावित […]

You May Like