दिन दहाड़े चोरों का धावा, घर से नकदी जेवर पार

सतना: कोलगवां थाना क्षेत्र में घूरडांग बाईपास के पास एक सूने घर से दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने रविवार दोपहर डेढ़ बजे से तीन बजे के बीच घर से 3 लाख रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए।फरियादी शुभम गुप्ता ने बताया कि उनके माता-पिता गांव में रहते हैं और अक्सर सतना आते-जाते रहते हैं। घर पर वह अपनी छोटी बहन के साथ रहते हैं। घटना वाले दिन दोपहर करीब 1:30 बजे वह अपनी बहन के साथ कपड़े खरीदने बाजार गए थे।

जब दोनों भाई-बहन दोपहर 3 बजे घर लौटे, तो उन्होंने घर का ताला टूटा हुआ पाया। अंदर जाकर देखा तो कमरों में सारा सामान बिखरा पड़ा था और बक्सों के कुंदे भी टूटे हुए थे। शुभम ने तत्काल अपने पिता को घटना की जानकारी दी और डायल 112 पर भी सूचना दी। इसके बाद शाम को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।शुभम के अनुसार, चोर बक्से में रखे पिता के 3 लाख रुपए नकद, लगभग 500 ग्राम चांदी और एक तोला सोने के जेवरात ले गए। पुलिस ने देर शाम घटनास्थल का मुआयना किया और अज्ञात बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
सीसीटीवी में दिखे तीन संदिग्ध
शुभम ने वारदात के बाद आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। एक कैमरे में तीन संदिग्ध लोग अपाची बाइक पर दिखाई दिए हैं। ये तीनों संदिग्ध सडक़ के बजाय बीच मैदान से जाते हुए नजर आ रहे हैं। यह सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दिया गया है, जिससे जांच में मदद मिलने की उम्मीद है।

Next Post

पुरानी सब्जी मण्डी में मिला युवक का शव

Mon Apr 13 , 2026
सतना: सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी विश्वासराव सब्जी मण्डी परिसर में रविवार की सुबह एक युवक का शव मिलने से आस पास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने आस पास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान […]

You May Like