सतना:शहर का पुराना बस स्टैंड इन दिनों अव्यवस्थित ट्रैफिक और ऑटो चालकों की मनमानी के कारण जाम का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है. आए दिन बस स्टैंड परिसर में चारों तरफ ऑटो और ई-रिक्शा बेतरतीब तरीके से खड़े हो जाते हैं, जिसके चलते बसों की आवाजाही पर प्रभाव पड़ता है इसके साथ ही यात्रियों के लिए समस्या उत्पन्न होती है कई बार हालत ऐसे बन जाते है कि बसों को अंदर आने और बाहर निकलने तक के लिए रास्ता नहीं मिल पाता .
आमतौर पर सुबह ओर शाम के वक्त स्थिति ज्यादा बिगड़ती हुई नजर आती है इस वक्त बस स्टैंड पहुंचने वाले यात्रियों की भीड़ और ऑटो चालकों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण पूरा परिसर जाम में तब्दील हो जाता है. हालात इतने बुरे हैं कि परिसर से पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है बसों के आसपास सवारियों को बैठाने की होड़ में ऑटो चालक अक्सर नियमों की अनदेखी करते नजर आते हैं.
स्थानीय लोगों ने बताया कि बस स्टैंड में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है शाम के समय यहां रोजाना यही स्थिति बनी रहती है . गौरतलब है कि पुराना बस स्टैंड शहर के प्रमुख यातायात केंद्रों में से एक है और यहां के बिगड़ते हालात अब ट्रैफिक प्रबंधन पर सवाल खड़े कर रहे हैं .
