
जबलपुर। कम ब्याज पर 15 करोड़ का लोन दिलाने के एवज में स्टाम्प ड्यूटी के लिए 15 लाख रूपये की मांग कर 9 लाख रूपये हड़पने वाले मुम्बई के जालसाज को मदनमहल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जिसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
टीआई उमेश यादव ने बताया कि संजय भाटिया 61 साल निवासी होटल गुलजार महानद्दा नागपुर रोड मदनमहल ने लिखित शिकायत की थी कि सिल्पेश शिवहरे नाम का व्यक्ति उसकी होटल में टेंट एवं केटरिंग के काम के संबंध में होटल में आता जाता था। जिसने वर्ष 2024 में उसके होटल में ब्रजेश तिवारी से मिलवाया और बताया कि ये मुंबई में रहता है और कम ब्याज पर प्राईवेट बैंक से लोन दिलवाने का कार्य करता है। तब ब्रजेश तिवारी द्वारा उसेे बताया गया कि मुंबई में फर्म है, जिसके जरिए उसके द्वारा अन्य लोगों को भी लोन दिलवाया गया है। ब्रजेश की बात सुनने के बाद उसने 15 करोड़ का लोन उसकी फर्म स्वर्णलता इटरप्राईजेज में दिलवाने की बात की तो ब्रजेश तिवारी द्वारा 15 करोड लोन के एवज में 15 लाख रूपये की स्टाम्प डयूटी एडवांस में जमा करने को कहा गया। इसके बाद कुल 9 लाख रुपये अर्थ प्रापर्टिज एवं इस्टेट कंसल्ट मुम्बई के खाते में नेफ्ट के माध्यम से कर्नाटका बैंक लिमि के खाता में जमा कराया। उक्त पैसा जमा कराने के बाद ब्रजेश तिवारी द्वारा अपने मोबाईल नंबर से मोबाईल नंबर पर व्हाटसअप के माध्यम से एट फिनवेस्ट प्राईवेट लिमिटेड गोरेगाँव वेस्ट मुंबई का एक शॉट टर्म एग्रीमेंट भेजा था। इसके बाद ब्रजेश तिवारी उसे आश्वासन देता रहा। इसके बाद उसे पता चला कि फर्जी एंग्रीमेंट के दस्तावेज देकर उससे 9 लाख रूपये हड़प लिए गए है। जिसके बाद उसने रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
ऐसे चढ़ा हत्थे-
पुलिस प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश में जुटी थी। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि ब्रजेश तिवारी चंद्रिका टावर में आया है। जैसे ही इसकी भनक पुलिस को लगी तो पुलिस ने दबिश देते हुये ब्रजेश तिवारी 46 वर्ष निवासी उत्सव कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी रिंग रोड ओसीवरा अंधेरी वेस्ट मुम्बई को धरदबोचा। जिसे न्यायालय के समक्ष पेश करते हुये न्यायिक अभिरक्षा मे जेल भेज दिया गया।
