
रीवा। रीवा शहर के व्यापारी और भाजपा नेता जयंत खन्ना के आवास पर एक बड़ा हादसा हो गया। यहां सोलर प्लेट की सफाई करने गए युवक आशीष गौतम की बिजली का करंट लगने और छत से गिरने के कारण मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों ने भाजपा नेता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि व्यापारी जयंत खन्ना के घर सोलर प्लेट साफ करते समय युवक को करंट लगा है
युवक 11 हजार वोल्टेज की चपेट में आकर झुलसा और छत से गिरा। परिजनों का आरोप भाजपा नेता के दबाव में छुट्टी के दिन आशीष काम पर गया था।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, आशीष गौतम खुद की एक छोटी सोलर कंपनी चलाता था।
परिजनों का आरोप है कि होली के त्यौहार की छुट्टी होने के बावजूद भाजपा नेता जयंत खन्ना ने दबाव डालकर उसे सोलर प्लेट साफ करने के लिए बुलाया था।
सफाई के दौरान आशीष छत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वॉल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया।
करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गया और अनियंत्रित होकर छत से नीचे गिर पड़ा, जिससे उसका सिर फट गया।
परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि हादसे के बाद जयंत खन्ना ने आशीष को अस्पताल तक नहीं पहुँचाया। कंपनी के कर्मचारियों ने आशीष के छोटे भाई को फोन किया, जिसके बाद भाई ने उसे संजय गांधी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा है और वे न्याय की गुहार लगा रहे हैं।
