
खंडवा, खंडवा जिले के पुनासा थर्मल पावर में दादागिरी और शहर की बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर जिला कांग्रेस ने मंगलवार शाम पुलिस अधीक्षक अगम जैन से मुलाकात कर जमकर सवाल उठाए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह और जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) प्रतिभा रघुवंशी के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल एसपी कार्यालय पहुंचा और तत्काल कार्रवाई की मांग की।
उत्तमपाल सिंह बोले – समय रहते नहीं चेते तो खंडवा जैसी घटना की पुनरावृत्ति का खतरा
जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह ने थर्मल पावर का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि मांधाता विधानसभा क्षेत्र के पुनासा थर्मल पावर में कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से दादागिरी की जा रही है। इसी को लेकर विवाद और मारपीट की घटना हुई तथा एफआईआर भी दर्ज हुई है। चुनिंदा लोगों द्वारा आम लोगों को वहां काम करने से रोकने का प्रयास किया जा रहा है।उन्होंने एसपी से कहा कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मौके का निरीक्षण किया जाए। यदि समय रहते इस पर अंकुश नहीं लगाया गया तो भविष्य में स्थिति गंभीर हो सकती है, खंडवा जैसी घटना की पुनरावृत्ति का खतरा है। कांग्रेस ने इस संबंध में कलेक्टर को भी ज्ञापन देकर तत्काल संज्ञान लेने और मौके का निरीक्षण करने की मांग की है। एसपी ने आश्वासन दिया कि वे स्वयं मौके पर जाएंगे।
प्रतिभा रघुवंशी बोलीं – परमिशन के बाद भी कम्युनिकेशन गैप, एलईडी नहीं लगाने दी
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शहर प्रतिभा रघुवंशी ने शहर की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक समन्वय का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि खंडवा में हाल में हुई घटना के बाद आमजन के मन में भय का माहौल है। सवाल यह है कि पुलिस और थाने के सामने इस तरह की घटना कैसे हो गई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए।उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यक्रमों को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट और सिटी कोतवाली के बीच लगातार कम्युनिकेशन गैप दिखाई दे रहा है। अनुमति होने के बावजूद राहुल गांधी के लाइव कार्यक्रम के लिए एलईडी लगाने की अनुमति नहीं दी गई। कांग्रेस के आगामी कार्यक्रम को लेकर भी यातायात व्यवस्था और रूट को लेकर स्पष्टता नहीं है।
इंदिरा चौक पर जाम, ट्रैफिक सिग्नल को लेकर भी चर्चा
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने एसएन कॉलेज के सामने इंदिरा चौक पर लगातार लगने वाले जाम का मुद्दा भी उठाया। प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि यहां जाम के कारण शहर के कई हिस्सों का आवागमन प्रभावित होता है। शहर में आवश्यकता के अनुसार ट्रैफिक सिग्नल लगाने का सुझाव दिया। एसपी ने बताया कि सिग्नल के लिए सडक़ की पर्याप्त चौड़ाई आवश्यक होती है, हालांकि सुझावों को मास्टर प्लान में शामिल कर फिजिकल वेरिफिकेशन कराने का आश्वासन दिया।विधायक-महापौर विवाद पर पूछे सवाल पर प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि वह इस मामले में राजनीति नहीं करना चाहतीं। प्रशासन को इतना अलर्ट रहना चाहिए कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) प्रतिभा रघुवंशी, सुनील सकरगाए, नेता प्रतिपक्ष मुल्लू राठौर, अर्ष पाठक, प्रवक्ता प्रेमांशु जैन, विकास व्यास, विशाल जैन, इमरान गौरी सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद थे।
