
छिंदवाड़ा, महंगे शौक पूरे करने के लिए तीन युवकों ने एक युवक को लिफ्ट देने के बहाने अपने साथ लिया और सुनसान इलाके में ले जाकर चाकू की नोक पर बंधक बना लिया।
आरोपियों ने युवक से मारपीट की और उसके मोबाइल से अलग-अलग खातों में रुपए ट्रांसफर कराए। विरोध करने पर अंगूठा काटने की धमकी भी दी। मामले में कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 43 हजार 500 रुपए नकद और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार ग्राम मुरमारी निवासी पवन कुमार चंद्रवंशी ने 2 अक्टूबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 26 सितंबर को वह मानसरोवर बस स्टैंड स्थित शराब दुकान के सामने खड़ा था। इसी दौरान एक युवक ने उससे खजरी जाने के लिए लिफ्ट मांगी। पवन ने उसे मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। इसके बाद आरोपित उसे खजरी रोड के सुनसान इलाके में ले गए।
चोरी की अन्य घटनाओं की भी जानकारी मिली
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों के विरुद्ध चोरी और मारपीट के अपराध पहले से पंजीबद्ध हैं। पूछताछ के दौरान शहर में हुई चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी सामने आई है। पुलिस इन मामलों की जांच कर रही है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया गया है।
युवक के साथ की मारपीट
सुनसान स्थान पर पहुंचने के बाद आरोपियों ने चाकू दिखाकर पवन को बंधक बना लिया और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद मोबाइल फोन के माध्यम से अलग-अलग बैंक खातों में रुपए ट्रांसफर कराए गए। पवन ने विरोध किया तो आरोपियों ने अंगूठा काटने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। जांच के दौरान पुलिस को एक आरोपी अम्मू उर्फ इम्मू शाह के खाते में रुपए ट्रांसफर होने की जानकारी मिली। इसके आधार पर पुलिस ने अम्मू उर्फ इम्मू शाह, उवैश खान और शेख अलमाश उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार किया।
ये हैं आरोपियों
अम्मू उर्फ इम्मू शाह (18 वर्ष 10 माह), पिता असफाक शाह, निवासी शिव नगर कॉलोनी; उवैश खान (22), पिता बाबू खान, निवासी मालवी नगर और शेख अलमाश उर्फ छोटू (18 वर्ष 6 माह), पिता शेख कमाल, निवासी शिव नगर कॉलोनी, सभी थाना कोतवाली क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस टीम की भूमिका
