ब्राज़ील के राष्ट्रपति चुनाव में अब दूसरे दौर का मतदान होगा

ब्रासीलिया, 05 अक्टूबर (वार्ता) ब्राज़ील के राष्ट्रपति चुनाव के पहले दौर में मौजूदा राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला डा सिल्वा (80) के मुकाबले सीनेटर फ़्लावियो बोल्सोनारो के (45) मामूली अंतर से आगे रहने से अब दूसरे दौर का मतदान होगा।

ब्राज़ील की सर्वोच्च चुनाव अदालत के अनुसार, 99.99 प्रतिशत वोटों की गिनती के बाद, श्री बोल्सोनारो को 47.03 प्रतिशत वैध वोट मिले, जबकि श्री लूला को 45.16 प्रतिशत वोट मिले।

देश के चुनावी नियमों के अनुसार अब तक किसी भी उम्मीदवार को पहले दौर में जीत के लिए ज़रूरी 50 प्रतिशत वोट नहीं मिले हैं। इससे 25 अक्टूबर को दूसरे दौर के मतदान की स्थिति बन गई है। अब यह तय होगा कि लूला को एक और कार्यकाल मिलेगा या फ़्लावियो बोल्सोनारो अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी से राष्ट्रपति पद हासिल करने में सफल होंगे।

यह मुकाबला श्री लूला की वर्कर्स पार्टी और फ़्लावियो बोल्सोनारो के बीच है, जो पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के सबसे बड़े बेटे और रियो डी जनेरियो से सीनेटर हैं। श्री बोल्सोनारो ने अपराध और पारंपरिक मूल्यों पर केंद्रित रूढ़िवादी एजेंडे के साथ प्रचार किया है और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ भी करीबी संबंध बनाए रखे हैं।

श्री लूला ने 2003 से 2010 तक राष्ट्रपति के रूप में काम किया और 2023 में तीसरे कार्यकाल के लिए फिर चुने गए थे। भ्रष्टाचार के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद उन्हें 2018 में चुनाव लड़ने से रोक दिया गया था और उन्होंने 580 दिन जेल में बिताए थे।

ब्राज़ील के सर्वोच्च न्यायालय ने 2021 में उनकी सज़ा को रद्द कर दिया और फैसला सुनाया कि जिस अदालत ने मामले की सुनवाई की थी, उसके पास अधिकार क्षेत्र नहीं था, जिससे उनके राजनीतिक अधिकार बहाल हो गए। जेयर बोल्सोनारो 2019 से 2022 तक राष्ट्रपति थे और वर्ष 2022 के चुनाव में अपनी हार को पलटने की कोशिश के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद 27 साल की सज़ा काट रहे हैं।

 

 

Next Post

वन्यप्राणी सप्ताह-2026 में बच्चों ने सीखे पक्षी संरक्षण के उपाय

Mon Oct 5 , 2026
ग्वालियर, महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर नगर निगम ग्वालियर द्वारा गांधी प्राणी उद्यान में आयोजित वन्यप्राणी सप्ताह-2026 के तहत सोमवार को बच्चों के लिए बर्ड वॉचिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। वन्यप्राणी सप्ताह 2 से 8 अक्टूबर तक मनाया जा रहा है। नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देशन में […]

You May Like