ईरान पर महाहमले की तैयारी में अमेरिका और इजराइल, राष्ट्रपति ट्रंप ने ‘बिना शर्त सरेंडर’ की रखी मांग, तेहरान एयरपोर्ट धमाकों से दहला, कच्चे तेल में भारी उछाल की आशंका

तेहरान/वाशिंगटन | ईरान और इजराइल के बीच जारी युद्ध अब अपने सबसे खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दो टूक शब्दों में कहा है कि ईरान के ‘बिना शर्त आत्मसमर्पण’ के बिना कोई समझौता नहीं होगा। वाशिंगटन ने आने वाले समय में अब तक की सबसे भीषण बमबारी की चेतावनी दी है, जिसे अधिकारियों ने ‘सबसे तेज हमला’ करार दिया है। शनिवार सुबह इजराइली लड़ाकू विमानों ने तेहरान और बेरूत पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले शुरू कर दिए। तेहरान के मेहराबाद एयरपोर्ट और राजधानी के पश्चिमी हिस्सों में धमाकों के साथ धुएं के गुबार देखे गए हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में तबाही का मंजर बना हुआ है।

युद्ध के बीच वैश्विक समीकरण भी तेजी से बदल रहे हैं। अमेरिकी इंटेलिजेंस के अनुसार, रूस ने ईरान को ऐसी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है जिससे तेहरान को अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर सटीक पलटवार करने में मदद मिल सकती है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से फोन पर बात कर सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या पर संवेदना व्यक्त की है। इधर, हमलों के बीच एक स्कूल में हुए धमाके में कई छात्रों की मौत की खबर है, जो कथित तौर पर रिवोल्यूशनरी गार्ड्स को निशाना बनाकर की गई अमेरिकी एयरस्ट्राइक का नतीजा हो सकती है।

इस भीषण युद्ध का असर अब दुनिया की अर्थव्यवस्था पर भी दिखने लगा है। कतर के ऊर्जा मंत्री साद अल-काबी ने चेतावनी दी है कि यदि खाड़ी देशों से एनर्जी एक्सपोर्ट बंद होता है, तो कच्चा तेल 150 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच सकता है। इससे वैश्विक अर्थव्यवस्था पूरी तरह चरमरा सकती है। इजराइल और अमेरिका का मुख्य लक्ष्य ईरान की सैन्य क्षमता, नेतृत्व और परमाणु कार्यक्रम को नष्ट करना है, जबकि अमेरिका अब खुले तौर पर ईरान में सत्ता परिवर्तन की बात कर रहा है। यरुशलम से लेकर तेहरान तक आसमान में गूँजती मिसाइलों की आवाजें एक बड़े वैश्विक संकट की ओर इशारा कर रही हैं।

Next Post

बरसाने की तर्ज पर शिवपुरी में हुई लट्ठमार होली

Sat Mar 7 , 2026
शिवपुरी: मथुरा के बरसाने की तर्ज पर शिवपुरी शहर में शुक्रवार बीती रात यादव समाज ने पारंपरिक लट्ठमार होली का आयोजन किया। होली की तीज पर राजपुरा रोड पर हुए इस कार्यक्रम में समाज की महिलाओं और पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रंग-गुलाल के साथ होली खेली।समाज के एक […]

You May Like

मनोरंजन