नौसेना और तटरक्षक बल के 3000 से ज्यादा प्रशिक्षुओं ने सफलतापूर्वक पूरा किया प्रशिक्षण

नयी दिल्ली 13 जून (वार्ता) ओडिशा में भारतीय नौसेना की महिला अग्निवीरों और भारतीय तटरक्षक बल के नाविकों सहित 3,000 से ज़्यादा प्रशिक्षुओं ने शनिवार को आईएनएस चिल्का में 16 सप्ताह का अपना प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया।

रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि 3012 प्रशिक्षुओं ने शुक्रवार को नौसैनिक प्रशिक्षण केन्द्र आईएनएस चिल्का में पासिंग आउट परेड में हिस्सा लिया। इस बैच में भारतीय नौसेना के 2,746 अग्निवीर (जिनमें 116 महिला अग्निवीर शामिल थीं) और भारतीय तटरक्षक बल के 265 नाविक शामिल थे।

यह परेड प्रशिक्षुओं के अनुशासित, प्रेरित और पेशेवर रूप से प्रशिक्षित कर्मियों में बदलने का प्रतीक होती है जो नौसैनिक सेवा की ज़िम्मेदारियों और चुनौतियों को संभालने के लिए तैयार हैं।

नौसेना की पश्चिमी कमान के प्रमुख वाइस एडमिरल संजय वात्सायन ने मुख्य अतिथि के तौर पर पासिंग आउट परेड का निरीक्षण किया। आईएनएस चिल्का के स्टेशन कमांडर, कमोडोर बी दीपक अनिल इस समारोह के संचालन अधिकारी थे।

कार्यक्रम में जाने-माने पूर्व सैनिक, वरिष्ठ नौसेना अधिकारी, प्रतिष्ठित हस्तियां और प्रशिक्षुओं के परिवार के सदस्य मौजूद थे।

वाइस एडमिरल वात्सायन ने प्रशिक्षुओं को मुश्किल प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा करने पर बधाई दी और उनसे भारतीय नौसेना के मुख्य मूल्यों – कर्तव्य, सम्मान और साहस – को बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने नए प्रशिक्षित कर्मियों से देश की सेवा समर्पण, ईमानदारी और पेशेवर तरीके से करने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण में बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर मुख्य अतिथि ने मेधावी प्रशिक्षुओं को मेडल, ट्रॉफ़ी और पुरस्कार प्रदान किये।

 

 

Next Post

शाह ने जनसांख्यिकीय परिवर्तनों का अध्ययन करने का दिया निर्देश

Sat Jun 13 , 2026
नयी दिल्ली 13 जून (वार्ता) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जनसांख्यिकीय बदलावों का अध्ययन करने के लिए गठित उच्चस्तरीय समिति को सीमावर्ती जिलों में जनसांख्यिकीय परिवर्तनों का अध्ययन करने का निर्देश दिया है । श्री शाह ने शनिवार को यहां एक बैठक में समिति को यह निर्देश दिया। उन्होंने […]

You May Like