देहरादून में बिगड़ी कानून-व्यवस्था पर सीएम धामी सख्त, रिटायर्ड ब्रिगेडियर की हत्या के बाद पुलिस ने शुरू किया ‘ऑपरेशन प्रहार’, पब-बार संचालकों को सख्त चेतावनी

देहरादून | राजधानी देहरादून में रोड रेज और फायरिंग के दौरान रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी की सनसनीखेज हत्या के बाद उत्तराखंड की सियासत और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल प्रभाव से कुठालगेट चौकी इंचार्ज और सब एक्साइज इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया है। सीएम के सख्त तेवरों के बाद डीजीपी दीपम सेठ ने देहरादून पुलिस को ‘ऑपरेशन प्रहार’ शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य राजधानी में सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई करना और आम जनता के बीच सुरक्षा का भाव पुनः जागृत करना है।

कानून-व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए डीजीपी दीपम सेठ ने पुलिस मुख्यालय में आईजी गढ़वाल, आईजी एसटीएफ और एसएसपी देहरादून के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। डीजीपी ने स्पष्ट किया कि अब देहरादून की सुरक्षा की दैनिक मॉनिटरिंग आईजी गढ़वाल स्वयं करेंगे। पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि शहर के हॉटस्पॉट क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी (विजिबिलिटी) बढ़ाई जाए और सुबह के समय विशेष चेकिंग बैरियर लगाए जाएं। इसके अलावा, एसटीएफ को देहरादून में सक्रिय माफियाओं और आपराधिक तत्वों की कुंडली खंगालकर उनके नेटवर्क को ध्वस्त करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल ने शहर के सभी पब, बार और रेस्टोरेंट संचालकों के साथ बैठक कर चेतावनी दी है कि निर्धारित समय के बाद संस्थान खुला मिलने पर सीधे मुकदमा दर्ज किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट भी भेजी जाएगी। साथ ही, अब पीजी, हॉस्टल और किराएदारों का शत-प्रतिशत पुलिस सत्यापन अनिवार्य कर दिया गया है। पुलिस ने साफ किया है कि यदि किसी बार या पब में विवाद होता है और उसकी सूचना छिपाई जाती है, तो संचालक के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई होगी। देहरादून पुलिस अब सीसीटीवी एक्सेस और सघन चेकिंग के जरिए शहर का माहौल सुधारने में जुट गई है।

Next Post

निगम सेवा से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को दी विदाई

Wed Apr 1 , 2026
ग्वालियर: नगर निगम सेवा से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को शाल, श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा कर्मचारियों के पीएफ की राशि बैंक खाते में पहुँचाई गई। इस अवसर पर निगम परिषद के सचिव बृजेश श्रीवास्तव, कार्यालय अधीक्षक भागचन्द्र कुंदवानी आदि उपस्थित रहे। जलविहार स्थित सभा भवन में आयोजित […]

You May Like