शिवपुरी: मथुरा के बरसाने की तर्ज पर शिवपुरी शहर में शुक्रवार बीती रात यादव समाज ने पारंपरिक लट्ठमार होली का आयोजन किया। होली की तीज पर राजपुरा रोड पर हुए इस कार्यक्रम में समाज की महिलाओं और पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रंग-गुलाल के साथ होली खेली।समाज के एक बुजुर्ग को ‘झंडा’ बनाया जाता है।
आयोजन की शुरुआत मैदान में गुलाल डालकर की गई, जिसके बाद पूजा-अर्चना हुई और ठंडाई का प्रसाद बांटा गया। पूजा के बाद पुरुष ‘झंडा’ को अपनी पीठ पर उठाकर चलते हैं, जबकि महिलाएं प्रतीकात्मक रूप से लाठियों से उन पर प्रहार करती हैं। इस दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच पूरा माहौल होली के रंगों से सराबोर रहा।
लट्ठमार होली के लिए समाज की महिलाएं और पुरुष पारंपरिक नए वस्त्र व गहने पहनकर पहुंचे। सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की खुशियां साझा कीं। यह आयोजन आम रास्ते पर होने के कारण कार्यक्रम से पहले सड़क के दोनों ओर का आवागमन कुछ समय के लिए रोका गया। इसके बाद सड़क पर गुलाल बिखेरकर उत्सव का माहौल बनाया गया।
