हैदराबाद | रणवीर सिंह के फैंस का इंतजार खत्म हो गया है क्योंकि ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का 3 मिनट 25 सेकंड लंबा ट्रेलर शनिवार को रिलीज कर दिया गया है। निर्देशक आदित्य धर की इस स्पाई-एक्शन थ्रिलर के ट्रेलर की शुरुआत पहली फिल्म के आईसी-814 हाईजैकिंग सीन से होती है, जिसमें रणवीर के किरदार ‘हमजा’ की असली पहचान ‘जसकीरत सिंह रंगी’ के रूप में सामने आती है। ट्रेलर में रणवीर का जबरदस्त एक्शन और ‘अब पाकिस्तान का मुस्तकबिल, हिंदुस्तान तय करेगा’ जैसे भारी-भरकम डायलॉग्स ने दर्शकों के रोंगटे खड़े कर दिए हैं। यह फिल्म 19 मार्च को दुनिया भर के सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है।
ट्रेलर में संजय दत्त का ‘चौधरी असलम’ वाला अवतार भी छाया हुआ है, जो हमजा के साथ मिलकर पुरानी दुश्मनी का हिसाब चुकता करते दिख रहे हैं। उनका डायलॉग ‘जहां दर्द है वहां मर्द है’ सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं, अभिनेत्री सारा अर्जुन (यलीना) का बंदूक ताने हुए एक रहस्यमयी सीन फिल्म में बड़े सस्पेंस की ओर इशारा कर रहा है। पैन इंडिया लेवल पर हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ में रिलीज होने वाली यह फिल्म आदित्य धर द्वारा लिखित और निर्देशित है, जिसमें एक्शन के साथ-साथ गहरी भावनाओं और प्रतिशोध की बैकस्टोरी दिखाई जाएगी।
‘धुरंधर 2’ की रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त टक्कर देखने को मिलेगी। हालांकि कन्नड़ सुपरस्टार यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ के आगे बढ़ जाने से इसे राहत मिली है, लेकिन अब रणवीर सिंह का सीधा मुकाबला साउथ के पावर स्टार पवन कल्याण की फिल्म ‘उस्ताद भगत सिंह’ से होगा। दोनों ही फिल्में 19 मार्च को गुड़ी पड़वा और उगादी के मौके पर रिलीज हो रही हैं। आदित्य धर और ज्योति देशपांडे द्वारा निर्मित यह फिल्म ईद के त्योहार से ठीक पहले अपनी धाक जमाने को तैयार है, जिससे बॉक्स ऑफिस पर बड़े आंकड़ों की उम्मीद की जा रही है।

