
जबलपुर। आयुध निर्माणी खमरिया ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व गतिविधियों के तहत शिक्षा और स्वच्छता को बढ़ावा देते हुए शासकीय प्राथमिक शाला कसही एवं शासकीय माध्यमिक शाला मटामर में बालक एवं बालिकाओं के लिए पृथक शौचालयों का निर्माण कराया। इन शौचालयों का औपचारिक हस्तांतरण मुख्य महाप्रबंधक शैलेश वगेरवाल द्वारा एक गरिमामय कार्यक्रम में किया गया। मुख्य महाप्रबंधक शैलेश वगेरवाल ने कहा कि स्वच्छ और सुरक्षित शौचालय बच्चों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और शिक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं की सुविधा और उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ाने में इस पहल को महत्वपूर्ण बताया। विद्यालय के प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों ने इस पहल के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को स्वच्छ वातावरण मिलेगा, जिससे उनकी पढ़ाई पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। इसी क्रम में शैलेश वगेरवाल ने युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सोनपुर एवं घाना क्षेत्रों में कबड्डी मैट भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि आयुध निर्माणी खमरिया समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और खेलों के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन की ओर प्रेरित करना इसका प्रमुख उद्देश्य है।
