
भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) की भोपाल इकाई द्वारा हाल ही में वेंडर रिकग्निशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया, जिसमें पर्यावरण-अनुकूल कार्यप्रणालियों, सतत विकास पहलों और हरित प्रक्रियाओं को अपनाने में उत्कृष्ट योगदान देने वाले आपूर्ति श्रृंखला भागीदारों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बीएचईएल भोपाल के कार्यकारी निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय ने की। इस अवसर पर उन विक्रेताओं को सम्मान मिला, जिन्होंने कार्बन फुटप्रिंट कम करने, संसाधनों के बेहतर उपयोग, अपशिष्ट न्यूनीकरण तथा पर्यावरण-अनुकूल नवाचारों को बढ़ावा देने में उल्लेखनीय प्रतिबद्धता दिखाई। कार्यक्रम का आयोजन सामग्री प्रबंधन महाप्रबंधक विपुल अग्रवाल के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें गुणवत्ता महाप्रबंधक जी.पी. बघेल तथा सहायक महाप्रबंधक (क्यूएफडी एवं बीईएक्स) अनुराग शुक्ला का सक्रिय सहयोग रहा।
यह पहल ग्रीन सप्लाई चेन टीम द्वारा संचालित की गई, जिसका नेतृत्व वरिष्ठ उप महाप्रबंधक (सीआरएक्स) ऋचा बाजपेयी और प्रबंधक (एफएसएक्स) दीपक कुमार ने किया। यह कार्यक्रम बीएचईएल की ‘ग्रीन बीएचईएल’ परिकल्पना के अनुरूप है, जिसके तहत भोपाल इकाई ने सीआईआई द्वारा प्रदत्त प्रतिष्ठित ग्रीनको प्रमाणन के लिए आवेदन किया है।
समारोह में बेंड जॉइंट्स प्राइवेट लिमिटेड, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, जिंदल स्टील, महिंद्रा स्टील सर्विस सेंटर लिमिटेड तथा सिग्मा हैवी इंजीनियरिंग इंडस्ट्रीज (भोपाल) प्राइवेट लिमिटेड को सम्मानित किया गया।
