काहिरा, 21 अगस्त (वार्ता) मिस्र ने 27 जुलाई से 17 अगस्त के बीच केरेम शालोम सीमा के माध्यम से गाजा पट्टी में मानवीय राहत सामग्री से भरे 1288 ट्रक भेजे हैं।
मिस्र के विदेश मंत्रालय द्वारा बुधवार को जारी एक सांख्यिकीय चार्ट में यह जानकारी दी गयी है।
चार्ट में दिखाया गया है कि राहत सामग्री से लदे लगभग 5,000 ट्रक अभी भी गाजा में प्रवेश करने के लिए प्रतीक्षा कर रहे हैं।
मंत्रालय के अनुसार मिस्र ने अक्टूबर 2023 से गाजा में 5,50,000 टन चिकित्सा सहायता और भोजन पहुँचाने में मदद की है, जो इस क्षेत्र में भेजी गई कुल मानवीय सहायता का लगभग 70 प्रतिशत है।
चार्ट के अनुसार नवंबर 2023 से जुलाई 2025 तक मिस्र ने घायल फ़िलिस्तीनियों को चिकित्सा देखभाल प्रदान करने के लिए 209 एम्बुलेंस तैनात कीं, 18,560 घायल फ़िलिस्तीनियों और उनके साथियों की देखभाल की और उन्हें मिस्र के 172 अस्पतालों में भर्ती कराया। मिस्र के गैर-सरकारी संगठनों के 35,000 स्वयंसेवकों ने मानवीय सहायता पहुँचाने में मदद की है।
गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों ने बुधवार को एक अपडेट में कहा कि सात अक्टूबर, 2023 से गाजा में इज़रायल के चल रहे सैन्य अभियान में 62,122 फ़िलिस्तीनी मारे गए हैं और 156,758 अन्य घायल हुए हैं। साथ ही बुनियादी ढाँचे को व्यापक नुकसान पहुँचा है और मानवीय स्थितियाँ बिगड़ी हैं।
उन्होंने बताया कि गाजा में अकाल और कुपोषण के कारण 269 लोगों की मौत हुई है, जिनमें 112 बच्चे शामिल हैं।
