कोलकाता, 24 सितंबर (वार्ता) अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी ने गुरुवार सुबह कोलकाता के कालीघाट मंदिर में अपनी पत्नी के साथ पूजा-अर्चना की। वे पश्चिम बंगाल में बड़े निवेश की संभावनाओं पर विचार करने की अपनी ग्रुप की योजनाओं के सिलसिले में राज्य में आए है।
अडानी का यह दौरा काफी व्यस्त रहने वाला है। इसमें निवेश प्रस्तावों पर मुख्यमंत्री के साथ बैठक और न्यू टाउन में 2,000 बिस्तरों वाले अस्पताल की आधारशिला रखने का कार्यक्रम शामिल है। ‘अडानी आरोग्य मंदिर’ नाम का यह अस्पताल राज्य में ग्रुप की पहलों में से एक है।
अडानी के नवनिर्मित कुमारतुली घाट का उद्घाटन करने की भी उम्मीद है, जिसे ग्रुप के सहयोग से विकसित किया गया है।
उनका यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब भाजपा सरकार पश्चिम बंगाल में बड़े निवेश को आकर्षित करने और औद्योगीकरण को बढ़ावा देने की कोशिश कर रही है।
श्री अधिकारी ने बार-बार औद्योगिक विकास और रोज़गार पैदा करने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया है, जबकि राज्य सरकार ने संकेत दिया है कि वह निवेश के मौकों को लेकर कई बड़े उद्योगपतियों के साथ बातचीत कर रही है।
अडानी ग्रुप के बंगाल में कई क्षेत्रों में निवेश करने की उम्मीद है, जिसमें स्वास्थ्य सवायें भी शामिल है, जहाँ एक परियोजना पहले ही शुरू हो चुकी है।
ग्रुप ने कोलकाता की दुर्गा पूजा से जुड़ी पहल की भी घोषणा की है।
यह आठ दुर्गा पूजा कमेटियों को चुनेगा और हर एक को 25 लाख रुपये का अनुदान देगा।
इस पहल का मकसद दुर्गा पूजा की कलात्मक और सांस्कृतिक परंपराओं को बड़े मंच पर दिखाना है।
कोलकाता की दुर्गा पूजा की विरासत को दिखाने के लिए देश-विदेश की जानी-मानी हस्तियों के लिए एक खास ‘पूजा प्रीव्यू टूर’ भी आयोजित किया जाएगा।
यह तीन दिन का कार्यक्रम 10, 11 और 12 अक्टूबर को होगा।
श्री अडानी और श्री अधिकारी की बैठक में ग्रुप के प्रस्तावित निवेश और पश्चिम बंगाल में अपनी मौजूदगी बढ़ाने के मौकों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
