सीधी: स्थानीय एसजीएसएस (गणेश स्कूल), पड़रा के चार छात्र खिलाड़ी संभाग स्तरीय अंडर-17 वॉलीबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बैढ़न, सिंगरौली रवाना हुए। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर इन खिलाड़ियों का चयन संभाग स्तर के लिए किया गया है। चयनित खिलाड़ियों में कक्षा 9वीं के सौरभ टाडिया, हरिओम गुप्ता एवं ध्रुव द्विवेदी तथा कक्षा 10वीं के आयुष तिवारी शामिल हैं। चारों खिलाड़ी बैढ़न, सिंगरौली में आयोजित संभाग स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेंद्र कुमार तिवारी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर एच.एम. माएमा सिमन्स, प्राइमरी कोऑर्डिनेटर रेखा शर्मा, खेल प्रशिक्षक तरुणनाथ मिश्र, सूरज शुक्ल, सुभाष शुक्ल, माखनलाल मिश्र, विश्वास पाण्डेय, प्रियंका सिंह एवं अंकुर मिश्र सहित समस्त स्टाफ ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए चयनित खिलाड़ियों को बधाई दी और संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
