
टीकमगढ़। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने बुधवार देर रात पलेरा तहसील के टौरिया गांव में रात्रि जन चौपाल लगाई। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और कई शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया।
जन चौपाल में कलेक्टर ने आमजन की समस्याओं और शिकायतों को सुना। कुल 108 लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों के जल्द निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान एक छात्रा की आधार कार्ड और मार्कशीट में नाम की त्रुटि को तत्काल सुधारने के निर्देश दिए गए। साथ ही, लगभग पांच लोगों के बीपीएल कार्ड मौके पर ही बनाने के आदेश जारी किए गए।
एक महिला ने अपने पति द्वारा छोड़े जाने और बच्चों के भरण पोषण की समस्या बताई। कलेक्टर ने तत्काल शासन से मिलने वाली आर्थिक मदद और बच्चों की बेहतर शिक्षा के इंतजाम करने के निर्देश दिए।
