
सिंगरौली। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस बैढ़न में पदस्थ अतिथि विद्वान को लेकर चल रहा विवाद अब खुलकर सड़क पर आ गया है। सनातन रक्षा परिषद अखंड भारत विभाग सिंगरौली ने कॉलेज प्राचार्य को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए साफ कर दिया है कि यदि जियोलॉजी विभाग में पदस्थ उक्त अतिथि विद्वान के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।परिषद के संतशरण भट्ट, धीरेंद्र कुमार शर्मा, विकास जायसवाल, संदीप शर्मा, आकाश सिंह, संदीप यादव सहित दर्जन भर पदाधिकारी एवं सदस्यों ने आज दिन गुरूवार को कॉलेज पहुंचे और प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया कि एक चरित्रहीन अतिथि विद्वान के खिलाफ गंभीर शिकायत होने के बावजूद कॉलेज प्रबंधन अब तक मौन क्यों है। सनातन रक्षा परिषद अखण्ड भारत के पदाधिकारियों का कहना है कि पीड़ि़त छात्रा के पति भारतीय सेना में तैनात हैं और उन्होंने पूरे घटनाक्रम की शिकायत सीएम हेल्पलाइन 181 में दर्ज कराई है। इसके बावजूद न तो पुलिस हरकत में आई और न ही कॉलेज प्रशासन ने कोई न्यायोचित कार्रवाई की। उल्टा शिकायतकर्ता पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाए जाने के आरोप लगाए गए हैं। वहीं ज्ञापन में बताया गया कि कुछ दिन पूर्व उक्त अतिथि विद्वान ने छात्रा को रात करीब 10:30 बजे व्हाट्सएप कॉल कर अश्लील बातें कीं और बाद में रविवार को अकेले क्लास लगाने का प्रस्ताव रखा। छात्रा ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए कॉल काट दी और पूरा घटनाक्रम अपने पति को बताया। इसके बाद पीड़िता के पति ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही सनातन रक्षा परिषद अखण्ड भारत के सदस्यों का यह भी आरोप है कि पूर्व में भी उक्त महाविद्यालय में लव जिहाद धर्मांतरण, जातीय विभेदता के मामले भी सामने आ चुके हैं और कार्रवाईयां भी हुई है। लेकिन यह मामला काफी संवेदनशील है।
कॉलेज में तालाबंदी कराने का दिया है अल्टीमेटम
उक्त संगठन के संतशरण भट्ट ने प्राचार्य को ज्ञापन सौपते हुये कड़े शब्दों में कहा है कि चरित्रहीन शिक्षक के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई, थाने में एफआईआर एवं महाविद्यालय से पृथक करने की कार्रवाई करें, अन्यथा 48 घंटे बाद सनातन रक्षा परिषद अखण्ड भारत से जुड़े सदस्य प्राचार्य के खिलाफ उग्र आंदोलन, प्रदर्शन करते हुये कॉलेज में तालाबंदी कराई जाएगी और चरित्रहीन एक अतिथि विद्वान को यहां से भगाया जाएगा।
