डीटीसी बसों में मुफ्त सफर के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड व्यवस्था लागू

नयी दिल्ली, 05 अक्टूबर (वार्ता) दिल्ली सरकार ने महिलाओं के लिए डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा को अधिक सुगम और तकनीक आधारित बनाने के उद्देश्य से ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ व्यवस्था लागू कर दी है। दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि स्मार्ट कार्ड व्यवस्था में बदलाव के दौरान महिलाओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए दिल्ली भर में 38 डीटीसी पिंक पास वितरण केंद्रों के साथ विशेष कैंप भी लगाये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि राजधानी की हर पात्र महिला को आसानी से स्मार्ट कार्ड मिल सके। महिलाओं की सुविधा के लिए दक्षिण, उत्तर, पूर्व और पश्चिम दिल्ली के विभिन्न इलाकों में वितरण केंद्र बनाये गये हैं।

अब तक 19 लाख 05 हजार 889 पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड जारी किये”ए जा चुके हैं। सभी पात्र महिलाओं के कार्ड बनने तक यह प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी और किसी भी महिला को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि दक्षिण दिल्ली में नेहरू प्लेस, सरोजिनी नगर, लाजपत नगर, हौज खास, साउथ कैंपस, जामिया, जेएनयू और महरौली में केंद्र बनाये गये हैं। उत्तर दिल्ली में बीबीएम डिपो, वजीरपुर, आजादपुर, रोहिणी सेक्टर-22, कंझावला, नरेला, बवाना, नॉर्थ कैंपस, मंगोलपुरी और रोहिणी डिपो में सुविधा उपलब्ध है। पूर्वी दिल्ली में बुराड़ी डिपो, कश्मीरी गेट, नंद नगरी, दिल्ली गेट, करावल नगर टर्मिनल, शाहदरा, सीमापुरी, एससी हाउस, झील और हसनपुर तथा पश्चिमी दिल्ली में उत्तम नगर, शादीपुर, दिचाऊ कलां, पीरागढ़ी, द्वारका सेक्टर-2, हरि नगर-1, पंजाबी बाग, सुल्तानपुरी, घुम्मनहेड़ा डिपो-1 और बिंदापुर टर्मिनल पर कार्ड बनवाने की सुविधा दी जा रही है।

डॉ. सिंह ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता स्मार्ट कार्ड व्यवस्था में बदलाव को सुचारु बनाना और महिलाओं को सार्वजनिक परिवहन की सुविधा लगातार उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि 19 लाख से अधिक कार्ड जारी होना इस योजना के प्रति महिलाओं की सकारात्मक प्रतिक्रिया को दर्शाता है। उन्होंने अपील की कि जिन पात्र महिलाओं ने अभी तक कार्ड नहीं बनवाया है, वे अपनी सुविधा के अनुसार नजदीकी वितरण केंद्र या विशेष कैंप में जाकर कार्ड बनवाने की प्रक्रिया पूरी करें। सरकार ने स्पष्ट किया है कि सभी पात्र महिलाओं को कवर किए जाने तक कार्ड बनाने और जारी करने की प्रक्रिया जारी रहेगी।

.....

Next Post

मध्यप्रदेश के गांवों में दिख रही पर्यटन की नई तस्वीर, 2025 में 57% बढ़ी पर्यटकों की संख्या, 418 होमस्टे बने

Mon Oct 5 , 2026
भोपाल। मध्यप्रदेश में ग्रामीण पर्यटन तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। शहरों की भीड़ और भागदौड़ से दूर गांवों की हरियाली, साफ हवा, पारंपरिक खान-पान और स्थानीय जीवनशैली पर्यटकों को आकर्षित कर रही है। नवभारत सरोकार की खास रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश में ग्रामीण पर्यटन के जरिए स्थानीय लोगों […]

You May Like