मिनियापोलिस, 28 अगस्त (वार्ता) मिनेसोटा के एक चर्च में बुधवार सुबह एक 23 वर्षीय बंदूकधारी द्वारा कथित तौर पर खिड़कियों से गोलीबारी करने से दो बच्चों की मौत हो गई, 14 अन्य बच्चे और तीन बुजुर्ग घायल हो गए। यह घटना एनुंसिएशन कैथोलिक स्कूल में कक्षा के पहले सप्ताह की शुरूआत दौरान हुई।
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार एफबीआई ने हमलावर की पहचान रॉबिन वेस्टमैन (23) के रूप में की है, जिसकी खुद को गोली लगने से मौत हो गई। एक वार्षिक रिकॉर्ड के अनुसार, उसने 2017 में स्कूल से स्नातक किया था।
मिनियापोलिस के पुलिस प्रमुख ब्रायन ओ’हारा ने कहा कि वेस्टमैन ने यूट्यूब पर एक “घोषणापत्र” जारी किया था जिसमें “कुछ परेशान करने वाली बातें” शामिल थीं।
अमेरिकी सीनेटर एमी क्लोबुचर ने आज रात सीएनएन को बताया कि एक पूर्व कर्मचारी की बेटी ने एनुंसिएशन कैथोलिक चर्च में हुई गोलीबारी के दौरान अपने दो दोस्तों को गोली लगते देखा – एक को गर्दन में और दूसरी को पेट में।
इस भयावह दृश्य का वर्णन करते हुए क्लोबुचर ने कहा कि उस क्षण में अविश्वसनीय साहस और दयालुता भी दिखाई दी क्योंकि बड़े बच्चों ने छोटे बच्चों की रक्षा करना सुनिश्चित किया।
एनुंसिएशन कैथोलिक स्कूल के प्रिंसिपल मैथ्यू डेबोयर ने गोलीबारी में मारे गए बच्चों को याद करते हुए कहा, “हमने आज दो फ़रिश्तों को खो दिया।”
अस्पताल ने एक बयान में कहा कि तीन बच्चे अभी भी इलाके के एक अस्पताल, चिल्ड्रन्स मिनेसोटा में देखभाल प्राप्त कर रहे हैं, जबकि चार अन्य मरीजों को छुट्टी दे दी गई है।
