दो पक्षों में लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और ईंट-पत्थर चले, आधा दर्जन घायल, तीन की हालत गंभीर

छतरपुर:जिले के नौगांव थाना क्षेत्र के मड़रका गांव में बीते दिन पटेल और कुशवाहा परिवारों के बीच हुआ विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। लाठी-डंडों, कुल्हाड़ी और ईंट-पत्थरों से हुई मारपीट में दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक दिन पहले गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी को लेकर हुई थी। इस संबंध में अजय पटेल ने नौगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शुक्रवार सुबह आरोप है कि कुछ लोगों ने बाड़े में बंधी भैंसों को छोड़ दिया और दीवार तोड़ दी। विरोध करने पर श्यामलाल पटेल पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया।
शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे दरवेश पटेल, कामता पटेल, आकाश, राजपति, रामपाल और अजय पटेल भी मारपीट की चपेट में आ गए। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर हिंसा हुई। सभी घायलों को पहले नौगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से श्यामलाल पटेल, दरवेश पटेल और कामता पटेल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। दो घायलों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।

नौगांव थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं एक पक्ष ने आरोप लगाया है कि सभी आरोपियों के नाम एफआईआर में शामिल नहीं किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव परिणाम कुछ ही देर में, मतगणना जारी

Sat Jul 11 , 2026
दमोह: जिला न्यायालय में अधिवक्ता संघ के चुनाव के परिणाम कुछ ही देर में घोषित किए जाएंगे। मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और मतपत्र एकत्रित कर गिनती शुरू हो चुकी है।इस बार अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व कार्यकारिणी के पदों के लिए चुनाव संपन्न हुए थे। चुनाव प्रक्रिया […]

You May Like