
इंदौर. सदर बाजार क्षेत्र में घर में बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. एक दिन पहले ही उन्होंने अपने इकलौते बेटे को संपत्ति से बेदखल करने के लिए कोर्ट के जरिए नोटिस भिजवाया था. शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण दम घुटना सामने आया है. मृतक की दोनों बेटियों ने भाई पर हत्या का शक जताया, जिसके बाद पुलिस ने उसे आरोपी बनाया है. घटना के बाद से वह फरार है.
बिलावल खान सदर बाजार क्षेत्र में दो कमरों के मकान में रहते थे. उनका बेटा हिदायत-उल्ला खान भी इसी मकान के एक कमरे में रहता था. पुलिस के मुताबिक हिदायत कोई काम नहीं करता था. इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच आए दिन विवाद होता था. विवाद के चलते बिलावल खान ने मंगलवार को कोर्ट के माध्यम से बेटे को संपत्ति से बेदखल करने का नोटिस भिजवाया था.
इसके अगले दिन बुधवार रात बिलावल खान का शव घर में संदिग्ध हालत में मिला. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की बात सामने आई.
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की दोनों बेटियों से पूछताछ की. उन्होंने हिदायत पर पिता की हत्या किए जाने का शक जताते हुए संपत्ति विवाद की जानकारी दी. बेटियों के बयानों और पीएम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हिदायत-उल्ला खान को आरोपी बनाया है. घटना के बाद से वह घर से फरार है. पुलिस उसकी तलाश के साथ ही मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटा रही है.
