जबलपुर: गांधी जयंती के पावन अवसर पर आज नेताजी सुभाषचंद्र बोस केंद्रीय जेल के मुख्य द्वार पर भावुक कर देने वाले दृश्य सामने आए। शासन की विशेष सुधारात्मक और क्षमादान नीति के तहत, आजीवन कारावास की सजा काट रहे 5 बंदियों को समयपूर्व रिहा कर दिया गया। जेल की चहारदीवारी से बाहर कदम रखते ही इन मुक्त हुए नागरिकों के चेहरे खिल उठे और उनके परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए।
जेल प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रिहा किए गए सभी 5 बंदी गंभीर मामलों में न्यायालय द्वारा आजीवन कारावास से दंडित किए गए थे। शासन के कड़े नियमों के तहत, इन सभी ने जेल में 14 वर्ष की अपनी सजा पूरी कर ली थी। जेल में रहने के दौरान उनके उत्कृष्ट व्यवहार, सुधारात्मक आचरण और अनुशासन को ध्यान में रखते हुए शासन द्वारा उनकी शेष सजा माफ की गई। बंदी जबलपुर, बालाघाट, कटनी सिवनी के रहने वाले हैं।
