जगदलपुर, (वार्ता) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बाढ़ प्रभावित प्रत्येक परिवार को क्षतिपूर्ति के अतिरिक्त मुख्यमंत्री राहत कोष से 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
श्री साय ने सोमवार को बस्तर क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने के बाद अधिकारियों के साथ बैठक में राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग आपसी समन्वय से राहत एवं बचाव कार्य संचालित करें।
उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समय पर आवश्यक सहायता पहुंचाने तथा उनकी जरूरतों का लगातार आकलन करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्वयंसेवी एवं समाजसेवी संगठनों से भी प्रभावित लोगों की सहायता में सहयोग करने की अपील की।
बैठक में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं, बीमारियों की रोकथाम, संक्रमण नियंत्रण, स्वच्छता और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा की गई। श्री साय ने स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य दल सक्रिय रखने और जरूरत के अनुसार चिकित्सा शिविर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने भोजन, शुद्ध पेयजल और अन्य आवश्यक सामग्री की पर्याप्त एवं नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।
श्री साय ने बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान का सर्वेक्षण एवं आकलन शीघ्र पूरा कर नियमानुसार प्रभावित किसानों को राहत देने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने शासकीय परिसंपत्तियों को हुए नुकसान का आकलन कर उनकी मरम्मत के प्रस्ताव शासन को भेजने को भी कहा।
श्री साय ने निचले और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा बचाव एवं राहत दलों को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए।
बैठक में महापौर संजय पाण्डेय, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत, कमिश्नर डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक बीएन मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना सहित संभाग एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
