
मक्सी, मक्सी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ने स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य करते हुए लगातार सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर कायाकल्प अवॉर्ड प्राप्त कर शाजापुर जिले का नाम गौरवान्वित किया है. यह सम्मान स्वास्थ्य सुविधाओं, स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया है.
जानकारी के अनुसार, नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्यूएएस) के निर्धारित मानकों पर उत्कृष्ट कार्य एवं लगातार बेहतर प्रदर्शन के कारण पीएचसी मक्सी को यह उपलब्धि मिली है. साथ ही इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य केंद्र को दो लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि भी प्राप्त होगी. यह सफलता कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कमला आर्य के मार्गदर्शन, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुंदरगढ़ डॉ. गोपाल मकवाना के सहयोग तथा पीएचसी मक्सी के मेडिकल ऑफिसर डॉ. गजेंद्र सिंह जाटव एवं समस्त स्वास्थ्य टीम के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है.
बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने का संकल्प दोहराया
पीएचसी मक्सी द्वारा लगातार कायाकल्प अवॉर्ड हासिल किए जाने से शाजापुर जिले की पहचान प्रदेश स्तर पर और मजबूत हुई है. पीएचसी मक्सी परिवार ने इस उपलब्धि पर नगर के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं पत्रकारों द्वारा मिले निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का संकल्प दोहराया.
