

भोपाल। प्रदेश में अवैध हथियारों के निर्माण, तस्करी और उपयोग के खिलाफ मध्यप्रदेश पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए पिछले 15 दिनों में 87 अवैध आग्नेयास्त्र, 23 धारदार हथियार तथा बड़ी मात्रा में हथियार निर्माण सामग्री जब्त की है। इस दौरान कई आरोपियों को गिरफ्तार कर अवैध हथियार नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की गई।
सबसे बड़ी कार्रवाई खरगोन जिले में हुई, जहां विभिन्न अभियानों में पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर 35 अवैध हथियार बरामद किए। इनमें 29 देशी पिस्टल और छह देशी कट्टे शामिल हैं। पुलिस ने सिगनूर गांव में संचालित एक अवैध हथियार निर्माण इकाई का भी भंडाफोड़ करते हुए हथियार बनाने में प्रयुक्त मशीनें और उपकरण जब्त किए।
मुरैना में फायरिंग, हत्या के प्रयास और चोरी जैसे मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने 15 अवैध हथियार, 27 जिंदा कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। धार, दतिया, गुना और नीमच में भी हथियार तस्करों की गिरफ्तारी के साथ अवैध हथियार निर्माण केंद्रों का खुलासा किया गया।
भोपाल में पुलिस ने एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लेकर उसके कब्जे से 15 तलवारें और आठ चाकू बरामद किए। वहीं ग्वालियर में सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ फोटो पोस्ट करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर एक देशी कट्टा जब्त किया गया।
इसके अलावा इंदौर, शिवपुरी, टीकमगढ़, अलीराजपुर, छतरपुर, बुरहानपुर और उज्जैन में भी अवैध हथियारों की बरामदगी की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अवैध हथियार नेटवर्क और हथियारों के आपराधिक उपयोग के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
